कोलंबिया में 7.4 तीव्रता के भूकंप से भारी तबाही, मृतकों की संख्या 188 हुई

कोलंबिया में 7.4 तीव्रता के भूकंप से भारी तबाही, मृतकों की संख्या 188 हुई

पश्चिमी कोलंबिया में सोमवार को आए 7.4 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। Colombian Association of Capital Cities (Asocapitales) के अनुसार, भूकंप में मरने वालों की संख्या बढ़कर 188 हो गई है, जबकि 1,677 लोग घायल हुए हैं। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, कैली शहर में 95 लोगों की मौत और 997 लोगों के घायल होने की सूचना है। वहीं, परेरा में 79 लोगों की जान गई है और 278 लोग घायल हुए हैं। एक समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, कोलंबिया के राष्ट्रपति अबेलार्डो डे ला एस्प्रिएला ने पहले बताया था कि भूकंप से 1,575 घरों और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा छह हवाई अड्डों पर वाणिज्यिक उड़ानों का संचालन भी निलंबित कर दिया गया है। कोलंबिया की भूवैज्ञानिक सेवा के अनुसार, भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 7:34 बजे आया। इसका केंद्र चोको विभाग में सैन जोसे डेल पालमार के पास 96 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। Asocapitales ने बताया कि वह प्रभावित विभागों की राजधानियों के साथ लगातार संपर्क में है। संगठन स्थानीय मेयरों और उनकी टीमों के साथ समन्वय कर स्थिति की जानकारी ले रहा है, नुकसान का आकलन कर रहा है और प्रभावित क्षेत्रों में सबसे जरूरी राहत आवश्यकताओं की पहचान की जा रही है। दुनिया भर से कोलंबिया के लिए समर्थन भूकंप से हुई तबाही के बाद दुनियाभर के कई नेताओं ने कोलंबिया के लोगों के प्रति एकजुटता और समर्थन व्यक्त किया है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कोलंबिया के लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस मुश्किल समय में कोलंबिया फ्रांस की दोस्ती और समर्थन पर भरोसा कर सकता है। उन्होंने भूकंप में जान गंवाने वाले लोगों, उनके परिवारों, घायलों और आपदा से प्रभावित सभी लोगों के प्रति अपनी संवेदना जताई। मैक्रों ने बचाव दलों और प्रभावित आबादी की सहायता के लिए साहस के साथ काम कर रहे सभी लोगों के प्रति भी एकजुटता व्यक्त की। वहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने भी कोलंबिया के साथ एकजुटता और समर्थन जताया। उन्होंने दुनियाभर के लोगों से भूकंप से प्रभावित लोगों का समर्थन करने की अपील की।