मिडिल ईस्ट तनाव के बीच भारत सतर्क, एयरलाइंस के लिए जारी सुरक्षा सलाह

मिडिल ईस्ट तनाव के बीच भारत सतर्क, एयरलाइंस के लिए जारी सुरक्षा सलाह

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और जंग जैसी स्थिति के बीच भारत ने अपने नागरिक उड्डयन क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है। इसी को ध्यान में रखते हुए नागरिक उड्डयन नियामक Directorate General of Civil Aviation (DGCA) ने भारतीय एयरलाइंस के लिए एक तत्काल सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। DGCA द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार एयरलाइन कंपनियों को 11 उच्च-जोखिम वाले हवाई क्षेत्रों से बचने की सलाह दी गई है। मिडिल ईस्ट और फारस की खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव का हवाला देते हुए DGCA ने कहा है कि यह एडवाइजरी 28 मार्च तक प्रभावी रहेगी। जानकारी के अनुसार, अमेरिका, इज़राइल और ईरान के बीच जारी संघर्ष के चलते कई देशों के हवाई क्षेत्रों को सिविल एविएशन के लिए उच्च-जोखिम घोषित किया गया है। इन क्षेत्रों में ईरान, इज़राइल, लेबनान, सऊदी अरब, बहरीन, ओमान, इराक, जॉर्डन, यूएई, कतर और कुवैत शामिल हैं। इसके अलावा सीरिया और यमन के हवाई क्षेत्रों से भी बचने की सलाह दी गई है। DGCA ने सभी भारतीय एयरलाइंस को सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इन एयरस्पेस से दूर रहने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने के निर्देश दिए हैं।