मोहाली से आज रवाना होगी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी दिखाएंगे हरी झंडी

मोहाली से आज रवाना होगी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी दिखाएंगे हरी झंडी

पंजाब में होने वाली हीरो पुरुष एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के प्रचार और लोगों को इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता से जोड़ने के लिए पूरे राज्य में ट्रॉफी यात्रा निकाली जाएगी। यह प्रतियोगिता 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक जालंधर और मोहाली में आयोजित होगी।
 

ट्रॉफी यात्रा की शुरुआत 18 अक्टूबर को सुबह 10 बजे मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, फेज-10 (सेक्टर-64) से होगी। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी ट्रॉफी को हरी झंडी दिखाकर अगले पड़ाव के लिए रवाना करेंगे।
 

जिला खेल अधिकारी उमाेश्वरी शर्मा ने बताया कि पंजाब खेल विभाग के निदेशक के निर्देशों के अनुसार आयोजित की जा रही इस पहल का मुख्य उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता के बारे में अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करना है। इसके साथ ही युवाओं और आम लोगों में हॉकी के प्रति रुचि और उत्साह बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा।
 

उन्होंने बताया कि जिला खेल कार्यालय की ओर से ट्रॉफी के स्वागत, विदाई समारोह और प्रदर्शन के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। कार्यक्रम के दौरान हॉकी खिलाड़ियों की भागीदारी से एक प्रदर्शनी मैच भी आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा, लोगों को ट्रॉफी के साथ यादगार तस्वीरें खिंचवाने का अवसर देने के लिए सेल्फी पॉइंट भी बनाया जाएगा।
 

फतेहगढ़ साहिब होते हुए पटियाला पहुंचेगी ट्रॉफी
 

ट्रॉफी यात्रा के दौरान पंजाब के विभिन्न जिलों में स्वागत समारोह और प्रचार गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। मोहाली से रवाना होने के बाद ट्रॉफी फतेहगढ़ साहिब के रास्ते पटियाला पहुंचेगी। इसके बाद यह राज्य के अन्य जिलों का दौरा करेगी।
 

जिला प्रशासन ने खेल प्रेमियों, हॉकी खिलाड़ियों और युवाओं से इस पहल में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। प्रशासन का उद्देश्य इस यात्रा के माध्यम से पंजाब में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना और खेल के प्रति लोगों की भागीदारी बढ़ाना है।