शिक्षा के विस्तार को लेकर हरियाणा सरकार का बड़ा कदम

शिक्षा के विस्तार को लेकर हरियाणा सरकार का बड़ा कदम

हरियाणा राज्य बाल भलाई परिषद की उपाध्यक्ष सुमन सैनी ने कहा है कि राज्य में शिक्षा के बढ़ते महत्व को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गांवों में सरकारी कॉलेज खोलने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग इस दिशा में तेजी से काम कर रहा है और गांव राम शरण माजरा में बनने वाले नए कॉलेज में इसी वर्ष से दाखिले शुरू हो जाएंगे। सुमन सैनी ने लाडवा क्षेत्र के गांव रामपुरा, भगवानपुरा, ईश्वरहेड़ी, बरथला और सुनारियां का दौरा कर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि नए कॉलेज के खुलने से क्षेत्र के दर्जनों गांवों के विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए दूर-दराज के इलाकों में नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को लोगों की समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए और ग्रामीणों को अपनी समस्याएं लेकर कबीर कुटीर आने का भी आमंत्रण दिया। इस दौरान उन्होंने पिछली सरकारों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि पहले शिक्षा पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता था, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है। आज राज्य का युवा 12वीं कक्षा पास करते ही नौकरी की तैयारी शुरू कर देता है, क्योंकि वर्तमान सरकार योग्यता के आधार पर रोजगार उपलब्ध करा रही है। सुमन सैनी ने यह भी बताया कि हाल ही में मुख्यमंत्री द्वारा बाबैन में सरस्वती चौक का उद्घाटन किया गया है, जिससे शहर की सुंदरता बढ़ी है और इसका सीधा लाभ दुकानदारों और व्यापारियों को मिलेगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक रहें और उनका अधिक से अधिक लाभ उठाएं। इस अवसर पर जिला परिषद चेयरपर्सन कंवलजीत कौर, सैनी समाज के प्रधान गुरनाम सिंह, मार्केट कमेटी के चेयरमैन जसविंदर जस्सी, नायब सिंह पटाक माजरा, विकास शर्मा, अनिल टाटकी, पूर्व सरपंच दूहण सिंह, सरपंच डॉ. राम कुमार, गुलशन कुमार, रीना सैनी, परमजीत कौर कश्यप, नेहा सैनी, तरसेम राय, नरेंद्र गौजरे, प्रदीप बिंट मिकसन और धर्मपाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।