फाजिल्का में भीषण सड़क हादसा, दो सगे भाइयों समेत तीन युवकों की मौत
- पंजाब
- (Asia/Kolkata)
पंजाब के फाजिल्का जिले के अबोहर में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों समेत तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मृतकों की पहचान उदय (24), विशाल (22) और रमन (22) के रूप में हुई है। उदय और विशाल आपस में सगे भाई थे। बताया जा रहा है कि उदय विवाहित था और उसके दो बच्चे हैं। घायलों में रोशन और अनमोल शामिल हैं। सभी युवक अबोहर के नजदीकी बलूआना गांव के रहने वाले थे। जानकारी के अनुसार, वे किन्नू के बागों का ठेका लेकर काम कर रहे थे और रविवार रात एक सौदा पूरा करने के बाद वापस लौट रहे थे। परिवार के सदस्यों ने बताया कि उन्हें रात करीब 1:30 बजे फोन के जरिए हादसे की सूचना मिली। कॉल करने वाले व्यक्ति ने बताया कि युवकों की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई है और उन्हें अबोहर सिविल अस्पताल लाया गया है। जब परिजन अस्पताल पहुंचे, तब तक तीनों युवकों की मौत हो चुकी थी। दो घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद फरीदकोट रेफर कर दिया गया। घायलों को अस्पताल पहुंचाने वाले एक व्यक्ति के अनुसार, हादसा रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 1:15 बजे हुआ। कार हनुमानगढ़ रोड से आ रही थी और रोटी चौक की ओर पुल से उतर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन आगे स्थित चौराहे से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चौराहा भी क्षतिग्रस्त हो गया। इस मामले में सिटी-1 थाना पुलिस के अधिकारी ने बताया कि तीनों मृतकों के शव अबोहर सिविल अस्पताल के मोर्चरी में रखे गए हैं। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। वहीं घायलों का इलाज फरीदकोट में जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज करने शुरू कर दिए हैं और मामले की जांच जारी है।
Leave a Reply