दाखा के विधायक मनप्रीत इयाली ने थामा ‘अकाली दल वारिस पंजाब दे’ का दामन

दाखा के विधायक मनप्रीत इयाली ने थामा ‘अकाली दल वारिस पंजाब दे’ का दामन

लुधियाना के दाखा विधानसभा क्षेत्र से विधायक मनप्रीत सिंह इयाली ‘अकाली दल वारिस पंजाब दे’ में शामिल हो गए हैं। उन्हें पार्टी में सांसद सरबजीत सिंह तथा सांसद अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह द्वारा शामिल कराया गया। गौरतलब है कि मनप्रीत सिंह इयाली वर्ष 2012 के पंजाब विधानसभा चुनाव में शिरोमणि अकाली दल (बादल) के टिकट पर दाखा विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे। हाल ही में उन्होंने अकाली दल (पुनरसुरजीत) से इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफे के बाद उन्होंने कहा था कि वह भविष्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), बादल दल, कांग्रेस या आम आदमी पार्टी का हिस्सा नहीं बनेंगे। उस समय इयाली ने यह भी कहा था कि वह पंथ, पंजाब, पंजाबी पहचान और कौम की उन्नति के लिए पंथक धड़ों के साथ मिलकर कार्य करते रहेंगे। अब उनके ‘अकाली दल वारिस पंजाब दे’ में शामिल होने से पंजाब की राजनीति में नई चर्चाओं ने जन्म ले लिया है। पार्टी में शामिल होने के अवसर पर मनप्रीत सिंह इयाली ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य पंजाब और पंथक विचारधारा से जुड़ी सभी राजनीतिक पार्टियों और संगठनों को एक मंच पर लाना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पंजाब और पंजाबी हितों से जुड़े मुद्दों के प्रभावी समाधान के लिए पंथक ताकतों के बीच एकता बेहद आवश्यक है। इयाली ने आगे कहा कि वह लंबे समय से पंथक एकता के समर्थक रहे हैं और भविष्य में भी इसी दिशा में प्रयास जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि पंथक धड़ों को एकजुट करने के लिए वह लगातार कार्य करते रहेंगे।