चंडीगढ़ BJP कार्यालय ब्लास्ट केस में 5 आरोपी गिरफ्तार, तस्वीरें जारी
- पंजाब
- (Asia/Kolkata)
चंडीगढ़ स्थित पंजाब भाजपा मुख्यालय पर हुए हमले के मामले में पंजाब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों की तस्वीरें भी अब सामने आ गई हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एक हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू क्षेत्र का रहने वाला है, जबकि अन्य चार पंजाब से संबंधित हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान बलविंदर लाल उर्फ शम्मी (गांव माजरी, एसबीएस नगर), जसवीर सिंह उर्फ जस्सी (गांव भरापुर, एसबीएस नगर), चरणजीत सिंह उर्फ चन्नी (गांव सुजावलपुर, एसबीएस नगर), रूबल चौहान (गांव ठाणा, शिमला) और मनदीप उर्फ अभिजोत शर्मा (धूरी, संगरूर) के रूप में हुई है। मोहाली स्थित स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। फिलहाल सभी आरोपी पंजाब पुलिस की रिमांड पर हैं और उन्हें जल्द ही चंडीगढ़ लाया जाएगा। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस मॉड्यूल को पाकिस्तान की आईएसआई का समर्थन प्राप्त था। उन्होंने कहा कि यह नेटवर्क पुर्तगाल और जर्मनी में बैठे विदेशी हैंडलरों के निर्देशों पर काम कर रहा था। यह भी सामने आया है कि आरोपी एक संगठित ढांचे का हिस्सा थे, जिसमें हमले को अंजाम देने के लिए कई सब-मॉड्यूल और कटआउट शामिल थे। डीजीपी ने आगे बताया कि हमले में शामिल दो मुख्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और पूरे नेटवर्क के तार जोड़ने के लिए जांच जारी है। उन्होंने कहा कि फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। इस मामले में एफआईआर नंबर 4, दिनांक 3 अप्रैल 2026 को आर्म्स एक्ट की धारा 25(1)(2) और बीएनएस की धारा 61(2) के तहत पुलिस स्टेशन एसएसओसी, एसबीएस नगर में मामला दर्ज किया गया है।
Leave a Reply