राज्यपाल ने फिर खारिज किया TVK प्रमुख विजय का सरकार बनाने का दावा

राज्यपाल ने फिर खारिज किया TVK प्रमुख विजय का सरकार बनाने का दावा

तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने गुरुवार को एक बार फिर टीवीके प्रमुख विजय के सरकार बनाने के दावे को स्वीकार करने से इनकार कर दिया। राज्यपाल ने स्पष्ट कहा कि उन्हें बहुमत साबित करने के लिए 118 विधायकों के हस्ताक्षर के साथ दोबारा आना होगा। राज्यपाल ने विजय को यह भी साफ कर दिया कि उनकी पार्टी तमिलनाडु वेटरी कझगम (TVK) के पास फिलहाल सरकार बनाने के लिए आवश्यक बहुमत नहीं है। 234 सदस्यीय विधानसभा में टीवीके 108 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, लेकिन बहुमत के आंकड़े से अभी भी पीछे है। हालांकि पार्टी को पांच कांग्रेस विधायकों का समर्थन मिल चुका है, इसके बावजूद सरकार बनाने के लिए टीवीके को अभी छह और विधायकों की आवश्यकता है। इसी को देखते हुए पार्टी ने वामपंथी दलों, वीसीके और आईयूएमएल से समर्थन मांगा है। माना जा रहा है कि ये दल अगले दो दिनों में अपना रुख स्पष्ट कर सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, टीवीके ने समर्थन जुटाने के लिए सहयोगी दलों से संपर्क अभियान तेज कर दिया है। दूसरी ओर, डीएमके ने अपने सभी विधायकों को 10 मई तक चेन्नई में रहने के निर्देश दिए हैं। इसे पार्टी की रणनीतिक तैयारी के रूप में देखा जा रहा है। इस बीच, राज्यपाल ने विजय को आश्वासन दिया है कि फिलहाल किसी अन्य पार्टी को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित नहीं किया जाएगा। वहीं कुमार ने कहा कि संवैधानिक परंपरा के अनुसार राज्यपाल को सबसे बड़ी पार्टी को सरकार बनाने का अवसर देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि जनादेश टीवीके के पक्ष में है और विजय को मुख्यमंत्री बनने का मौका मिलना चाहिए।