बंगाल में भाजपा की सरकार, शुभेंदु अधिकारी कल लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ

बंगाल में भाजपा की सरकार, शुभेंदु अधिकारी कल लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ

पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा कर दी गई है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे। शुक्रवार को कोलकाता में आयोजित भाजपा विधायक दल की बैठक में उन्हें विधायक दल का नेता चुना गया। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन माझी भी मौजूद रहे। जानकारी के अनुसार, शुभेंदु अधिकारी शुक्रवार शाम 6:30 बजे राज्यपाल आर.एन. रवि से मुलाकात करेंगे। इस दौरान वे भाजपा विधायकों के समर्थन पत्र सौंपेंगे और पश्चिम बंगाल में नई सरकार बनाने का औपचारिक दावा पेश करेंगे। बताया जा रहा है कि शुभेंदु अधिकारी शनिवार सुबह 10 बजे कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित एनडीए के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 207 सीटों पर जीत दर्ज की है। 56 वर्षीय शुभेंदु अधिकारी नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों से चुनाव जीतने में सफल रहे। भवानीपुर सीट पर उन्होंने ममता बनर्जी को हराया। पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने विधायक दल की बैठक में शुभेंदु अधिकारी के नाम का प्रस्ताव रखा, जिस पर सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से समर्थन दिया और उनके नाम पर अंतिम मुहर लगा दी गई।