हरियाणा के कई जिलों में आंधी-तूफान के साथ ओलावृष्टि, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
- पंजाब
- (Asia/Kolkata)
भीषण गर्मी का सामना कर रहे हरियाणा में गुरुवार शाम अचानक मौसम ने करवट ले ली। राज्य के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं कई स्थानों पर नुकसान की घटनाएं भी सामने आई हैं। जानकारी के अनुसार रेवाड़ी, सिरसा और फतेहाबाद जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई। फतेहाबाद के जांडवाला बांगर क्षेत्र में आए तेज तूफान के कारण एक मोबाइल टावर बीच से टूटकर नीचे की ओर लटक गया। वहीं सिरसा के रानियां इलाके में खेतों में बवंडर उठता दिखाई दिया। मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के दौरान हिसार, हांसी, चरखी दादरी, भिवानी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, गुरुग्राम, पलवल और फरीदाबाद समेत कई जिलों में तेज धूल भरी हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। इसके अलावा दिल्ली, नोएडा और पूरे एनसीआर क्षेत्र में भी गुरुवार शाम मौसम का मिजाज बदल गया। मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा अपडेट के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में शाम या रात तक आंधी के साथ बारिश हो सकती है। इस स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों में दिल्ली-एनसीआर में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर हवा की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है।
Leave a Reply