म्यांमार में मिला दुर्लभ और विशाल रूबी, दुनिया भर का ध्यान आकर्षित
- अंतरराष्ट्रीय
- (Asia/Kolkata)
म्यांमार में एक बेहद कीमती और दुर्लभ रूबी मिलने की खबर सामने आई है, जिसने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। बम और बारूद के माहौल के बीच धरती से निकले इस विशाल “लाल हीरे” को देश में अब तक मिले सबसे बड़े रूबी में से एक माना जा रहा है। म्यांमार के सरकारी मीडिया के अनुसार खनन कार्य में लगे मजदूरों ने विशाल आकार का एक दुर्लभ रूबी खोजा है। वजन के आधार पर इसे दक्षिण-पूर्व एशियाई देश में अब तक मिला दूसरा सबसे बड़ा रूबी बताया जा रहा है। 11,000 कैरेट यानी लगभग 2.2 किलोग्राम वजन वाला यह रूबी ऊपरी मांडले क्षेत्र के Mogok शहर के पास मिला है। मोगोक को दुनिया भर में कीमती रत्नों की खदानों के लिए जाना जाता है। हाल के समय में देश के गृह युद्ध के दौरान इस क्षेत्र में भारी संघर्ष भी देखने को मिला है। सरकारी अखबार Global New Light of Myanmar की रिपोर्ट के अनुसार यह कच्चा रूबी अप्रैल के मध्य में पारंपरिक नववर्ष समारोह के तुरंत बाद खोजा गया था। हालांकि इसका वजन वर्ष 1996 में मिले 21,450 कैरेट के रूबी से लगभग आधा है, लेकिन बेहतर रंग और गुणवत्ता के कारण इस नई खोज को अधिक मूल्यवान माना जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक इस रूबी का रंग बैंगनी-लाल है, जिसमें हल्की पीली चमक भी दिखाई देती है। विशेषज्ञों के अनुसार इसका रंग उच्च गुणवत्ता वाला है, इसकी पारदर्शिता मध्यम स्तर की है और इसकी सतह बेहद चमकदार है। इसी वजह से इस दुर्लभ रत्न को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Leave a Reply