पंजाब में गर्मी से मिलेगी राहत, तेज हवाओं और प्री-मानसून बारिश का अनुमान

पंजाब में गर्मी से मिलेगी राहत, तेज हवाओं और प्री-मानसून बारिश का अनुमान

लगातार पड़ रही गर्मी के बीच पंजाब का मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। लगातार तीन दिनों तक हुई बारिश के बाद रविवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा, जिससे अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि, मौसम विभाग चंडीगढ़ के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को कई जिलों में सुबह से बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी भी हो सकती है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस बदलाव के दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। इसके बाद 16 से 18 जून तक मौसम मुख्य रूप से साफ रहेगा, जबकि 19 और 20 जून को राज्य में प्री-मानसून की पहली बारिश होने की पूरी संभावना जताई गई है। रविवार को तापमान में रही नरमी हाल के दिनों में हुई बारिश का असर रविवार के तापमान पर भी देखने को मिला। पंजाब के विभिन्न शहरों में अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने से रात का मौसम भी सुहावना बना रहा। पंजाब के प्रमुख शहरों का अधिकतम तापमान पटियाला: 38.1°C बठिंडा: 37.6°C चंडीगढ़: 36.6°C लुधियाना: 36.2°C अमृतसर: 36.1°C रोपड़: 35.6°C होशियारपुर: 35.4°C गुरदासपुर: 35.0°C पठानकोट: 34.2°C मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में प्री-मानसून की शुरुआत के साथ तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। इससे खासकर धान की रोपाई सहित खरीफ फसलों की खेती में जुटे किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।