हिंदू मंदिर पर हमले की कोशिश: अमेरिका के 105 सांसदों ने एफबीआई से की 'हेट क्राइम' के तहत जांच की मांग

हिंदू मंदिर पर हमले की कोशिश: अमेरिका के 105 सांसदों ने एफबीआई से की 'हेट क्राइम' के तहत जांच की मांग

अमेरिका के 105 सांसदों ने फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (एफबीआई) से आग्रह किया है कि इलिनोइस के एक हिंदू मंदिर में हुई गोलीबारी की कोशिश के मामले की जांच 'हेट क्राइम' (नफरती अपराध) के तहत की जानी चाहिए। यह कदम अमेरिका में भारतीय और दक्षिण एशियाई समुदायों के खिलाफ इंटरनेट पर लगातार बढ़ रही नफरत और नस्लीय हमलों के मद्देनजर उठाया गया है। भारतीय मूल के अमेरिकी सांसद राजा कृष्णमूर्ति के नेतृत्व में सांसदों ने एफबीआई डायरेक्टर काश पटेल को पत्र लिखकर 11 अक्टूबर की इस घटना की जांच के संबंध में विस्तृत जानकारी मांगी है। यह घटना अरोड़ा शहर के श्री वेंकटेश्वर स्वामी (बालाजी) हिंदू मंदिर में हुई थी, जहां हमले के समय खुद सांसद कृष्णमूर्ति अपने परिवार के साथ पूजा-अर्चना कर रहे थे। सरकारी वकीलों के अनुसार, 19 वर्षीय नव-नाजी एलेक्जेंड्रोस पापोराकिस ने मंदिर के बाहर एक व्यक्ति पर गोली चलाने की कोशिश की थी, लेकिन उसकी राइफल जैम (अड़) गई। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया और उसने दोबारा वापस आने की योजना के बारे में किसी से बात की, जिसके बाद उसके साथ काम करने वाले एक व्यक्ति ने पुलिस को इसकी सूचना दे दी। आरोपी को उसी दिन गिरफ्तार कर लिया गया था। जांचकर्ताओं का कहना है कि पापोराकिस ने आठ पन्नों का एक नस्लीय दस्तावेज (मैनिफेस्टो) लिखा था, जिसमें धार्मिक स्थल पर भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ हिंसा करने की बात कही गई थी। पुलिस ने उसके पास से एक राइफल, सैकड़ों कारतूस, बुलेटप्रूफ जैकेट और नस्लीय नफरत से जुड़ा अन्य सामान बरामद किया है। इस पत्र पर सभी भारतीय मूल के अमेरिकी सांसदों के अलावा कई वरिष्ठ सीनेटरों ने भी हस्ताक्षर किए हैं और मांग की है कि इसके खिलाफ सख्त केंद्रीय कार्रवाई होनी चाहिए।