Daily Suraj

हिन्दी

किसानों के लिए नई योजना, अब मिलेगा 6 लाख रुपये तक का कर्ज

23 Sep, 2026 11:54 AM

उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से छोटे और सीमांत किसानों के लिए मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना शुरू की जा रही है। इस योजना के तहत खेती और उससे जुड़े कार्यों के लिए किसानों को 6 लाख रुपये तक का कर्ज देने की व्यवस्था की गई है। योजना के तहत कर्ज पर सालाना ब्याज दर 6 फीसदी निर्धारित की गई है। सरकार के अनुसार, योजना का उद्देश्य किसानों को खेती के लिए जरूरी साधन, सिंचाई सुविधाएं और आधुनिक कृषि उपकरण खरीदने के लिए कम ब्याज दर पर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है। योजना के तहत राज्य सरकार पात्र किसानों को ब्याज पर करीब 5 फीसदी अनुदान देने की व्यवस्था करेगी। यह लाभ उन किसानों को मिलेगा, जो कर्ज की किस्तों का समय पर भुगतान करेंगे और योजना की निर्धारित शर्तों का पालन करेंगे। इस योजना को उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव ग्राम विकास बैंक के माध्यम से लागू किया जाएगा। इसका लाभ लेने के लिए किसान का उत्तर प्रदेश का निवासी होना जरूरी होगा। साथ ही, उसके पास जमीन से जुड़े वैध दस्तावेज, जैसे खसरा-खतौनी, होना आवश्यक होगा। दी गई जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से 23 सितंबर को योजना का ई-पोर्टल लॉन्च किया जाना है। इसके माध्यम से किसान ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसके अलावा किसान नजदीकी उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव ग्राम विकास बैंक की शाखा से संपर्क कर भी योजना की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड, फोटो, बैंक खाते की जानकारी, निवास प्रमाण और जमीन से संबंधित रिकॉर्ड जैसे दस्तावेजों की आवश्यकता हो सकती है। जिस कृषि कार्य के लिए कर्ज लिया जाना है, उसकी लागत और जरूरत बताने वाली प्रोजेक्ट रिपोर्ट भी मांगी जा सकती है। बैंक की ओर से दस्तावेजों और पात्रता की जांच करने के बाद कर्ज के संबंध में निर्णय लिया जाएगा। किसानों को आवेदन करने से पहले जमीन के रिकॉर्ड, खसरा-खतौनी सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों को अपडेट रखने की सलाह दी गई है।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News