अज्ञात हमलावरों ने सरपंच के भाई पर बरसाईं गोलियां, इलाके में दहशत
- पंजाब
- (Asia/Kolkata)
गुरदासपुर जिले के डेरा बाबा नानक क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव पड्डा में बुधवार को उस समय दहशत का माहौल बन गया, जब अज्ञात हमलावरों ने गांव के सरपंच के भाई पर गोलीबारी कर दी। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल व्यक्ति की पहचान सुखराज सिंह के रूप में हुई है, जो गांव पड्डा के सरपंच का भाई बताया जा रहा है। गोली लगने के बाद उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने अचानक सुखराज सिंह को निशाना बनाते हुए फायरिंग की और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। घटना के पीछे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। इस घटना के बाद गांव में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Leave a Reply