ईरान ने भारत सहित पांच देशों को होरमुज़ जलडमरूमध्य से गुजरने की दी अनुमति
- अंतरराष्ट्रीय
- (Asia/Kolkata)
अमेरिका-इजराइल-ईरान युद्ध के 27वें दिन ईरान ने एक अहम निर्णय लेते हुए भारत सहित पांच देशों के जहाजों को होरमुज़ जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति दे दी है। इस संबंध में जानकारी समाचार एजेंसी एएनआई ने मुंबई स्थित ईरानी वाणिज्य दूतावास के हवाले से दी है। ईरानी वाणिज्य दूतावास के अनुसार, देश के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि “दोस्ताना देशों” को होरमुज़ जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति दी जा रही है। इस सूची में भारत के अलावा चीन, रूस, इराक और पाकिस्तान शामिल हैं। यह बयान संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस द्वारा जलडमरूमध्य को खोलने की अपील के बाद सामने आया है। ईरान ने पहले भी स्पष्ट किया था कि होरमुज़ जलडमरूमध्य पूरी तरह से बंद नहीं है। यह मार्ग केवल उन देशों के लिए प्रतिबंधित है जो ईरान के विरोधी हैं, जबकि अन्य देशों को कुछ शर्तों के तहत आवाजाही की अनुमति दी जा रही है। गौरतलब है कि होरमुज़ जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल मार्गों में से एक है, जहां से लगभग 20 प्रतिशत वैश्विक तेल आपूर्ति गुजरती है। यह 33 से 39 किलोमीटर चौड़ा जलमार्ग फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी से जोड़ता है और खाड़ी देशों से तेल निर्यात का प्रमुख रास्ता है। युद्ध शुरू होने के बाद से इस मार्ग पर आवागमन काफी सीमित हो गया है और ईरान ने इसे लगभग बंद कर दिया था, जिसके चलते केवल चुनिंदा जहाजों को ही गुजरने की अनुमति मिल रही थी।
Leave a Reply