रवनीत सिंह बिट्टू की ‘नशे वाली’ वीडियो पर विवाद, पुलिस ने बताया फर्जी

रवनीत सिंह बिट्टू की ‘नशे वाली’ वीडियो पर विवाद, पुलिस ने बताया फर्जी

भाजपा के पूर्व मंत्री और नेता रवनीत सिंह बिट्टू सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करने के बाद विवादों में घिर गए हैं। इस वीडियो में लुधियाना के दुग्गरी इलाके का एक युवक नशे की हालत में दिखाई दे रहा है। बिट्टू ने इसे अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर पोस्ट करते हुए “भगवंत मान उजाड़ता पंजाब”, “रंगला पंजाब एक्सपोज़्ड” और “सेव पंजाब यूथ” जैसे कैप्शन लिखे। पिछले 48 घंटों से यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है और इसे लेकर समाज के विभिन्न वर्गों से प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। हालांकि, पुलिस का दावा है कि यह वीडियो फर्जी है और युवक ने इसे केवल सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने के लिए बनाया था। सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) एस.एस. चीमा ने बताया कि युवक की उम्र लगभग 30 वर्ष है और वह पहले नशे का आदी था, लेकिन काफी समय पहले “चिट्टा” छोड़ चुका है। चीमा ने कहा, “युवक ने स्वीकार किया कि उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर यह वीडियो बनाई थी ताकि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल की जा सके। जब वीडियो बनाई गई थी, तब उसने कोई नशा नहीं किया था। उसके मेडिकल टेस्ट कराए जा रहे हैं और रिपोर्ट आने के बाद कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।” इससे पहले भी बिट्टू ने एक अन्य युवक की नशे वाली वीडियो पोस्ट की थी, जिसे पुलिस ने पुरानी बताते हुए खारिज किया था। उस युवक को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। केवल बिट्टू ही नहीं, बल्कि सांसद हरभजन सिंह मान ने भी नशे से जुड़े एक वीडियो साझा किया था, जो बाद में राजस्थान का निकला। यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है जब पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियां शुरू हो रही हैं और नशाखोरी का मुद्दा राजनीतिक बहस का केंद्र बना हुआ है।