होशियारपुर में दर्दनाक घटना: टूर्नामेंट खेल रहे छात्र पर गिरी बिजली, जान गई
- पंजाब
- (Asia/Kolkata)
पंजाब के होशियारपुर जिले के गढ़शंकर क्षेत्र के गांव बकापुर गुरु में एक क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान बिजली गिरने से 17 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान तरुणदीप सिंह के रूप में हुई है, जो गांव रसूलपुर का निवासी था। गांव के सरपंच के अनुसार, तरुणदीप सिंह हाल ही में 10वीं कक्षा में उत्तीर्ण हुआ था और उसके परिणाम भी हाल ही में घोषित हुए थे। स्कूल की छुट्टियों के कारण वह क्रिकेट टूर्नामेंट खेलने के लिए गया हुआ था। जानकारी के मुताबिक, यह हादसा दोपहर करीब 11:30 से 12:00 बजे के बीच हुआ। कुल 11 युवक पास के गांव में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट में भाग लेने पहुंचे थे। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और हल्की बारिश के बीच खेल जारी था, तभी बिजली गिर गई। इस घटना में तरुणदीप सिंह के अलावा ओंकार सिंह के पुत्र तरुणदीप (16) और अंशप्रीत सिंह (18) सहित कई अन्य युवक भी बिजली की चपेट में आ गए। सभी घायलों को तुरंत नवांशहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां तरुणदीप सिंह ने दम तोड़ दिया। अंशप्रीत सिंह का उपचार जारी है, जबकि अन्य प्रभावित खिलाड़ी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
Leave a Reply