पठानकोट-गुरदासपुर हाईवे पर बड़ा हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से चार युवकों की मौत
- पंजाब
- (Asia/Kolkata)
पंजाब के गुरदासपुर जिले में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई। यह हादसा पठानकोट-गुरदासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर नौशहरा माजा सिंह के नजदीक हुआ। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि आल्टो कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चारों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, आल्टो कार की टक्कर एक अज्ञात वाहन से हुई। प्रारंभिक जानकारी में बताया गया है कि मृतक सभी युवक पठानकोट के रहने वाले थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। मौके पर पहुंचे एएसआई दलजीत सिंह ने बताया कि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आल्टो कार को किस वाहन ने टक्कर मारी। आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े या सड़क पर चल रहे किसी भारी वाहन, जैसे ट्रक या ट्रॉले, से टकरा गई हो। पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद भारी वाहन का चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए जांच जारी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
Leave a Reply