पंजाब के मंत्री लाल चंद कटारूचक ने तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ की अहम बैठक

पंजाब के मंत्री लाल चंद कटारूचक ने तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ की अहम बैठक

पंजाब के खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले मंत्रीलाल चंद कटारुचक्क ने केंद्र सरकार से अपील की है कि पश्चिम एशिया क्षेत्र में चल रही युद्ध जैसी स्थिति को देखते हुए एलपीजी, पेट्रोल और डीजल जैसी आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जानी चाहिए। मंत्री ने यह बातइंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड और हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड औरभारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। बैठक के दौरान उन्होंने ईंधन की निरंतर आपूर्ति बनाए रखने और इस संबंध में लोगों के बीच किसी भी प्रकार का तनाव या चिंता का माहौल पैदा होने से रोकने के लिए आपसी समन्वय को मजबूत करने पर जोर दिया। बैठक को संबोधित करते हुए लाल चंद कटारूचक ने कहा कि पश्चिम एशियाई देशों में जारी संघर्ष की स्थिति को देखते हुए केंद्र सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि एलपीजी, पेट्रोल और डीजल जैसी जरूरी वस्तुओं की उपलब्धता प्रभावित न हो, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। मंत्री ने केंद्र सरकार द्वारा गठित उच्च अधिकार प्राप्त समिति से भी सतर्क रहने और आवश्यक आपूर्ति को बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में अस्थिर हालात के कारण लोगों के बीच अनावश्यक चिंता या तनाव का माहौल नहीं बनना चाहिए। इस दौरान मंत्री ने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को जिला स्तर पर स्थिति की लगातार निगरानी करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे डिप्टी कमिश्नरों और जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रकों के साथ बैठकें आयोजित करें, जिनमें गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाए, ताकि बेहतर समन्वय के माध्यम से आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। मंत्री लाल चंद कटारूचक ने आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में किसी भी प्रकार की हेराफेरी के प्रयासों के खिलाफ चेतावनी देते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी कीमत पर आवश्यक वस्तुओं की अवैध जमाखोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इसमें शामिल पाए जाने वाले हर व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।