इंडोनेशिया दौरे पर PM मोदी ने प्रंबानन मंदिर का किया भ्रमण, राष्ट्रपति प्रबोवो रहे साथ

इंडोनेशिया दौरे पर PM मोदी ने प्रंबानन मंदिर का किया भ्रमण, राष्ट्रपति प्रबोवो रहे साथ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को इंडोनेशिया के योग्याकार्ता स्थित देश के सबसे बड़े हिंदू मंदिर प्रंबानन पहुंचे। इस दौरान इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो भी उनके साथ मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने प्रंबानन मंदिर के संरक्षण और पुनर्स्थापना परियोजना का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्हें हमेशा किसी न किसी रूप में भगवान शिव से जुड़ने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा, “सोमनाथ, काशी विश्वनाथ, केदारनाथ धाम और उज्जैन के महाकाल मंदिर के बाद यह मेरा सौभाग्य है कि मुझे प्रंबानन मंदिर के विकास से जुड़ने का अवसर मिला।” इंडोनेशिया दौरे के बाद प्रधानमंत्री मोदी मेलबर्न, ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना हो गए हैं। वह 8 से 10 जुलाई तक ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर रहेंगे, जहां विभिन्न आधिकारिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे।