Daily Suraj

हिन्दी

वेनेजुएला में लगातार दो शक्तिशाली भूकंपों से भारी तबाही, 32 लोगों की मौत

25 Jun, 2026 08:56 AM

वेनेजुएला में बुधवार शाम आए 7.2 और 7.5 तीव्रता के लगातार दो शक्तिशाली भूकंपों ने व्यापक तबाही मचा दी। गुरुवार सुबह कार्यकारी राष्ट्रपति डेलसी रोड्रिगेज ने बताया कि इस प्राकृतिक आपदा में अब तक कम से कम 32 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि लगभग 700 लोग घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि मलबे में फंसे लोगों को निकालने का अभियान जारी है, इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है। सबसे अधिक नुकसान ला गुआइरा राज्य में हुआ है, जहां दर्जनों इमारतें ढह गईं। प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव दल लगातार अभियान चला रहे हैं। एक मिनट के भीतर आए दो बड़े झटके अमेरिकी भू-वैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार पहला 7.2 तीव्रता का भूकंप कैरेबियाई तट पर मोरोन शहर के पश्चिम में 22 किलोमीटर की गहराई में आया। इसके ठीक एक मिनट बाद 10 किलोमीटर की गहराई में 7.5 तीव्रता का दूसरा शक्तिशाली झटका महसूस किया गया। विशेषज्ञों के अनुसार यह पिछले एक शताब्दी के दौरान वेनेजुएला में आए सबसे भीषण भूकंपों में शामिल है। झटके इतने तेज थे कि ब्राजील के अमेज़न क्षेत्र तक लोगों को इमारतों से बाहर निकलना पड़ा। राजधानी काराकस में दहशत, राहत कार्य जारी भूकंप के बाद राजधानी काराकस में लोग घबराकर सड़कों पर निकल आए। कई स्थानों पर इमारतों की दीवारें गिरने से मलबा और टूटे हुए खंभे सड़कों पर फैल गए, जिससे यातायात बाधित हो गया। कई इलाकों में बिजली और मोबाइल सेवाएं भी ठप हो गईं। गृह मंत्री डियोसदादो काबेलो ने लोगों से सतर्क रहने और राहत एवं बचाव कार्य में लगे आपातकालीन वाहनों को रास्ता देने की अपील की है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने जताई संवेदना विपक्ष की नेता मारिया कोरीना मचाडो ने इस त्रासदी पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए लोगों से एकजुट रहने की अपील की है। इसके अलावा अल सल्वाडोर के राष्ट्रपति नायब बुकेले और अमेरिकी सांसद मारिया एलवीरा सालाजार ने भी वेनेजुएला के लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस आपदा पर गहरा दुख जताते हुए वेनेजुएला को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। पड़ोसी देशों पर भी दिखा असर भूकंप के झटके कोलंबिया में भी महसूस किए गए, हालांकि वहां किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। अमेरिकी पैसिफिक सुनामी चेतावनी केंद्र ने वर्जिन आइलैंड्स और डोमिनिकन रिपब्लिक के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की है। वैज्ञानिकों के अनुसार वेनेजुएला ऐसे टेक्टोनिक क्षेत्र में स्थित है, जहां इस स्तर के शक्तिशाली भूकंप अपेक्षाकृत कम आते हैं। यही कारण है कि इस घटना को असामान्य माना जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने जताया शोक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जारी अपने संदेश में वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत इस कठिन समय में वेनेजुएला की सरकार और वहां के लोगों के साथ मजबूती से खड़ा है तथा हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए तैयार है।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News