Daily Suraj

हिन्दी

पंजाब में पराली जलाने के मामले बढ़कर 5,517 हुए, अब तक 1,259 एफआईआर दर्ज

12 Nov, 2026 03:51 PM

पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। सरकारी सख्ती और किसानों को जागरूक करने के लिए जारी एडवाइजरी के बावजूद खेतों में फसल अवशेष जलाने का सिलसिला थम नहीं रहा है। राज्य में पराली जलाने के कुल मामले बढ़कर 5,517 हो गए हैं। फिरोजपुर, तरनतारन और संगरूर जिले इस मामले में सबसे आगे हैं।
 

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार को राज्य में पराली जलाने की 345 नई घटनाएं सामने आई थीं, जिसके बाद कुल मामलों की संख्या 5,002 हो गई थी। बुधवार को यह आंकड़ा बढ़कर 5,517 तक पहुंच गया।
 

जिलावार आंकड़ों पर नजर डालें तो फिरोजपुर में पराली जलाने के सबसे अधिक 728 मामले दर्ज किए गए हैं। तरनतारन 687 मामलों के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि संगरूर में 628 और बठिंडा में 499 घटनाएं सामने आई हैं।
 

आंकड़ों के मुताबिक, पंजाब में 15 सितंबर से 9 नवंबर के बीच पराली जलाने की कुल 4,657 घटनाएं दर्ज की गई थीं। इस दौरान प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए 1,695 मामलों में पर्यावरण मुआवजे के रूप में 85 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया है। इसमें से 37 लाख रुपये से अधिक की राशि वसूल की जा चुकी है।
 

पराली जलाने की घटनाओं को लेकर अब तक 1,259 एफआईआर भी दर्ज की गई हैं। ये मामले भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की उस धारा के तहत दर्ज किए गए हैं, जो लोक सेवक द्वारा जारी आदेशों का उल्लंघन करने से संबंधित है।
 

इसके अलावा, फसल अवशेष जलाने वाले किसानों के भूमि रिकॉर्ड में 1,637 रेड एंट्री दर्ज की गई हैं। ऐसी एंट्री होने के बाद संबंधित किसान अपनी कृषि भूमि के बदले कर्ज नहीं ले सकते और न ही उसे बेच सकते हैं।
 

राज्य में खेतों में आग लगने की घटनाओं की वार्षिक निगरानी 15 सितंबर से शुरू होती है। यह अवधि 1 अक्टूबर से धान की खरीद शुरू होने से लगभग दो सप्ताह पहले की है।
 

दरअसल, अक्टूबर और नवंबर में धान की कटाई के बाद किसानों के पास रबी सीजन की मुख्य फसल गेहूं की बुवाई के लिए बहुत कम समय बचता है। ऐसे में कुछ किसान खेतों से फसल अवशेष जल्दी हटाने के लिए पराली में आग लगा देते हैं।
 

पिछले वर्षों के आंकड़ों के अनुसार, पंजाब में 2025 के धान कटाई सीजन के दौरान पराली जलाने की 5,114 घटनाएं दर्ज की गई थीं। वहीं, 2024 में ऐसे 10,909 और 2023 में 36,663 मामले सामने आए थे।

Latest News