Daily Suraj

हिन्दी

न्यूयॉर्क के गुरुद्वारे के बाहर हुड़दंग से प्रवासी समुदाय की छवि पर असर, सिख नेताओं ने जताई चिंता

12 Nov, 2026 03:14 PM

अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित रिचमंड हिल के सिख कल्चरल सोसायटी गुरुद्वारे में दीवाली और बंदी छोड़ दिवस के समारोह उस समय विवादों में घिर गए, जब परिसर के बाहर कथित तौर पर अवैध आतिशबाजी और हुड़दंग की घटनाएं सामने आईं। इस मामले में कई युवकों को गिरफ्तार किया गया है। कुछ युवकों के पास से अवैध हथियार मिलने की भी खबर है। घटना के दौरान एक पुलिस अधिकारी घायल हो गया।
 

इस घटना के बाद सिख समुदाय के नेताओं ने गहरी चिंता जताई है। उन्होंने हिंसा और कानून के उल्लंघन की कड़ी निंदा करते हुए घायल पुलिस अधिकारी से माफी मांगी। ब्रिटेन, कनाडा और अमेरिका में दीवाली के दौरान मंदिरों और गुरुद्वारों के बाहर आतिशबाजी करने तथा इसके बाद फैलने वाले कूड़े-कचरे को लेकर भी समुदाय के लोगों ने चिंता व्यक्त की है।
 

सिख कल्चरल सोसायटी इंक., रिचमंड हिल के अध्यक्ष जतिंदर सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस घटना की निंदा की। उन्होंने हंगामे के दौरान घायल हुए पुलिस अधिकारी से बिना शर्त माफी मांगते हुए कहा कि कुछ लोगों की गैर-जिम्मेदाराना हरकतों के कारण पूरे समुदाय को शर्मिंदगी का सामना करना पड़ रहा है।
 

जतिंदर सिंह ने बताया कि दीवाली और बंदी छोड़ दिवस के अवसर पर हजारों श्रद्धालु गुरुद्वारे में माथा टेकने पहुंचे थे, लेकिन कुछ शरारती तत्वों ने समारोह के शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ दिया। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारा प्रबंधन समिति ने प्रशासन के साथ सहमति जताई थी कि कार्यक्रम के दौरान आतिशबाजी नहीं की जाएगी। इसके बावजूद कुछ युवकों ने जानबूझकर प्रतिबंधों का उल्लंघन किया।
 

पुलिस की कार्रवाई पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि यदि ऐसी घटना भारत में हुई होती तो पुलिस आरोपियों के खिलाफ अधिक सख्ती से कार्रवाई करती। हालांकि, उनके अनुसार, यहां पुलिस ने कानून के दायरे में रहकर स्थिति को संभाला। उन्होंने इस घटना के बाद प्रवासी समुदाय से जुड़े पुलिस कर्मचारियों को हुई शर्मिंदगी पर भी चिंता जताई।
 

सिंह ने कहा कि इस घटना से पंजाबी और भारतीय प्रवासी समुदाय की छवि को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि रिचमंड हिल के सभी चार गुरुद्वारों में इसी तरह की हुड़दंग की घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने इस मामले में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
 

समुदाय के सदस्यों से स्थानीय कानूनों का सम्मान करने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि जिस देश में लोग रहते हैं, वहां के नियमों का पालन करना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में यहां बसने का अर्थ यह नहीं है कि किसी को कानून तोड़ने का अधिकार मिल जाता है।
 

उन्होंने चेतावनी दी कि मुट्ठीभर गैर-जिम्मेदार लोगों की हरकतें पूरे समुदाय को बदनाम कर सकती हैं। इसका असर प्रवासी समुदाय के अन्य लोगों पर भी पड़ सकता है और उनके लिए भविष्य में अवसरों के रास्ते बंद हो सकते हैं।
 

युवाओं के व्यवहार का जिक्र करते हुए जतिंदर सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हुई एक अन्य घटना भी साझा की। उन्होंने बताया कि जब वह मीडिया को संबोधित कर रहे थे, तभी एक युवक ने अपने मोटरसाइकिल के इंजन की तेज आवाज निकाली और तेज रफ्तार से वहां से गुजर गया।
 

इस पर उन्होंने टिप्पणी की कि युवा पीढ़ी समुदाय के नेताओं की अपीलों को कितनी गंभीरता से लेती है, इसका अंदाजा इस घटना से लगाया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि कानून का उल्लंघन करते पकड़े जाने वाले कुछ लोग बाद में समुदाय के नेताओं के पास पहुंचकर पुलिस या प्रशासन के मामले में हस्तक्षेप करने की मांग करते हैं।
 

सिंह ने कैलिफोर्निया के युबा सिटी में नगर कीर्तन के दौरान हुई गोलीबारी और तलवारबाजी की घटनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं समुदाय की प्रतिष्ठा को और नुकसान पहुंचाती हैं।
 

उन्होंने एक बार फिर चेतावनी दी कि कुछ लोगों के गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार की कीमत पूरे प्रवासी समुदाय को चुकानी पड़ सकती है। उनके अनुसार, जब आतिशबाजी पर प्रतिबंध लगाया गया था, तो युवाओं को नियमों का पालन करना चाहिए था, न कि कानून अपने हाथ में लेना चाहिए था।
 

न्यूयॉर्क की इस घटना ने अमेरिका और कनाडा के कुछ हिस्सों में दीवाली समारोह के दौरान अवैध आतिशबाजी और कथित हुड़दंग को लेकर चिंताएं फिर बढ़ा दी हैं। साथ ही धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा नियमों, प्रशासनिक प्रतिबंधों और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने की आवश्यकता पर भी चर्चा तेज हो गई है।

Latest News