मोहाली की विशेष CBI अदालत का फैसला, अमरीक सिंह साकरी मामले में पूर्व पुलिस अधिकारी दोषी
मोहाली की विशेष CBI अदालत ने ट्रांसपोर्टर अमरीक सिंह साकरी के अपहरण और लापता होने से जुड़े 34 साल पुराने मामले में पंजाब पुलिस के पूर्व SSP गुरमीत सिंह रंधावा को दोषी करार दिया है। अदालत ने बुधवार को अपना फैसला सुनाया। रंधावा को 12 नवंबर को सजा सुनाई जाएगी। वहीं, अदालत ने संदेह का लाभ देते हुए संबंधित पुलिस अधिकारी के सुरक्षा गार्ड परमिंदरजीत सिंह को बरी कर दिया।
पीड़ित परिवार के वकील सरबजीत सिंह वेरका और अन्य वकीलों के अनुसार, यह मामला 25 नवंबर 1992 का है। उस दिन अमरीक सिंह को तरनतारन पुलिस की एक टीम ने लुधियाना स्थित होटल अमलतास से कथित तौर पर उठा लिया था। वह वहां अपनी भांजी की शादी में शामिल होने पहुंचे थे। इसके बाद उनका कोई सुराग नहीं मिला।
अमरीक सिंह की पत्नी ने 1996 में सुप्रीम कोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण (हैबियस कॉर्पस) याचिका दायर की थी। इसी साल सुप्रीम कोर्ट ने पंजाब पुलिस द्वारा बड़ी संख्या में शवों का लावारिस और अज्ञात बताकर अंतिम संस्कार किए जाने के मामले की CBI जांच के आदेश दिए थे। इसके बाद साकरी के लापता होने का मामला भी CBI ने अपने हाथ में ले लिया।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर CBI ने वर्ष 2000 में मामला दर्ज किया। वर्ष 2001 में एजेंसी ने तत्कालीन DSP (D), तरनतारन गुरमीत सिंह, तत्कालीन थाना प्रभारी खालड़ा इंस्पेक्टर सूबा सिंह, सब-इंस्पेक्टर सुरिंदर सिंह, कांस्टेबल परमिंदरजीत सिंह उर्फ बब्बू और ASI जसवंत सिंह के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था।
आरोपपत्र के अनुसार, 25 नवंबर 1992 को तरनतारन पुलिस की एक टीम ने अमरीक सिंह साकरी को लुधियाना के होटल अमलतास से उठाया था, जहां वह अपनी भांजी के विवाह समारोह में शामिल होने गए थे।
आरोपियों के खिलाफ वर्ष 2000 में आरोप तय किए गए थे, लेकिन अदालतों के निर्देशों के कारण इस मामले की सुनवाई करीब 22 साल तक रुकी रही। वकीलों के मुताबिक, वर्ष 2022 में जब मुकदमे की सुनवाई शुरू हुई तो CBI की ओर से अदालत में पेश किए गए सबूतों का पूरा रिकॉर्ड गायब मिला। इसके बाद हाई कोर्ट के आदेश पर सभी सबूत दोबारा एकत्र किए गए।
मुकदमे में कुल 47 गवाहों का उल्लेख किया गया था, लेकिन सुनवाई के दौरान केवल 16 गवाह ही अदालत में पेश हो सके। लंबे समय तक सुनवाई रुके रहने के दौरान कई गवाहों की मौत हो गई थी।
इस मामले के तीन अन्य आरोपियों ASI जसवंत सिंह, SI सुरिंदर सिंह और इंस्पेक्टर सूबा सिंह की भी मृत्यु हो गई। इसके चलते उनके खिलाफ कानूनी कार्यवाही बंद कर दी गई।
अदालत ने अब पूर्व SSP गुरमीत सिंह रंधावा को दोषी ठहराया है, जबकि सुरक्षा गार्ड परमिंदरजीत सिंह को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया है। रंधावा की सजा पर फैसला 12 नवंबर को सुनाया जाएगा।