कॉकपिट हमले के दौरान 170 यात्रियों की जान बचाने वाले कैप्टन सुमित मचार के लिए 25 लाख रुपये के वीरता पुरस्कार का ऐलान
राज्यसभा सांसद और सन फाउंडेशन (Sun Foundation) के चेयरमैन विक्रमजीत सिंह साहनी ने शनिवार को कैप्टन सुमित मचार के लिए 25 लाख रुपये के 'सुमित मचार वीरता पुरस्कार' का ऐलान किया है। यह सम्मान उन्हें दुबई से तेल अवीव जाने वाली उड़ान के दौरान कॉकपिट में हुए जानलेवा हमले के बावजूद दिखाई गई अदम्य साहस और सूझबूझ के लिए दिया जाएगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुबई से तेल अवीव की फ्लाइट में उड़ान के दौरान कॉकपिट के भीतर कैप्टन पर अचानक हमला हो गया था। इस हमले में कैप्टन सुमित गंभीर रूप से घायल हो गए थे, लेकिन अत्यधिक कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने धैर्य और साहस नहीं खोया। उनकी त्वरित सूझबूझ के कारण एक बहुत बड़ा हादसा टल गया और विमान में सवार लगभग 170 यात्रियों की जान सुरक्षित बच गई। सांसद साहनी ने कैप्टन की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसा साहस भारत की असली पहचान है, जिससे देश के युवाओं को प्रेरणा लेनी चाहिए। सांसद विक्रमजीत साहनी ने यह भी बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि कैप्टन सुमित मचार को 'अशोक चक्र' और राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार से सम्मानित करने पर विचार किया जाए। अपनी संस्था की गतिविधियों का उल्लेख करते हुए साहनी ने बताया कि सन फाउंडेशन गरीब और जरूरतमंद युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रयासरत है। यह संस्था पंजाब में युवाओं को एविएशन (उड्डयन) सहित करीब 20 क्षेत्रों में मुफ्त कौशल प्रशिक्षण (स्किल ट्रेनिंग) प्रदान करती है। इसी पहल के तहत संस्था ने बरनाला की रहने वाली कुलवीर कौर की सहायता की थी, जिनकी मां एक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता हैं। संस्था की मदद से भारत और दक्षिण अफ्रीका में पायलट ट्रेनिंग पूरी कर कुलवीर आज एक कमर्शियल पायलट के रूप में कार्यरत हैं। सांसद साहनी ने आगे घोषणा की कि सन फाउंडेशन कैप्टन सुमित मचार के नाम पर विशेष छात्रवृत्ति (स्कॉलरशिप) शुरू करेगी, जिसके माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं के लिए पायलट ट्रेनिंग कार्यक्रम को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।