राजस्थान में रेलवे ट्रैक के पास मिले बम जैसे दिखने वाले दो संदिग्ध बॉक्स, पंजाब से गिरफ्तार आरोपियों ने किया था खुलासा
जयपुर, 16 नवंबर। राजस्थान के अनूपगढ़ जिले में सोमवार को रेलवे ट्रैक के पास बम जैसे दिखने वाले दो संदिग्ध बॉक्स मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने 3 नवंबर को रामसिंहपुर थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर हुए धमाके के मामले में पंजाब से गिरफ्तार दो आरोपियों से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर इन बक्सों का पता लगाया है।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, संदिग्ध बॉक्स रामसिंहपुर-अनूपगढ़ रेलवे ट्रैक के पास मिले हैं। इसके बाद पुलिस ने संबंधित इलाके की घेराबंदी कर दी और बम निरोधक दस्ते को इसकी सूचना दी। रेलवे अधिकारियों को भी सतर्क कर दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया था कि उन्होंने 12-13 अक्टूबर को भी इस इलाके में बम रखे थे। इस जानकारी की पुष्टि के लिए जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो उसे बम जैसे दिखाई देने वाले दो संदिग्ध बॉक्स मिले।
अधिकारी ने बताया कि एहतियात के तौर पर घटनास्थल के आसपास आम लोगों की आवाजाही रोक दी गई है। ये बॉक्स रेलवे ट्रैक के नजदीक स्थित एक मजार के पास मिले हैं। फिलहाल पुलिस को बम निरोधक दस्ते की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इन बक्सों में विस्फोटक सामग्री मौजूद है या नहीं।
गौरतलब है कि राजस्थान पुलिस ने रविवार को जानकारी दी थी कि 3 नवंबर को रामसिंहपुर थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर हुए धमाके के मामले में पंजाब के गुरदासपुर जिले से दो आरोपियों महकदीप कौर और दविंदर सिंह को गिरफ्तार किया गया है। दोनों को 14 नवंबर को राजस्थान एटीएस, श्रीगंगानगर पुलिस, पंजाब काउंटर इंटेलिजेंस और गुरदासपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, दोनों आरोपी कथित तौर पर पाकिस्तान में बैठे अपने हैंडलरों के निर्देश पर काम कर रहे थे। जांच अधिकारियों ने पहले बताया था कि आरोपियों ने 12-13 अक्टूबर को रेलवे ट्रैक पर टाइमर बम लगाने की कोशिश की थी, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण उसमें विस्फोट नहीं हो पाया था।
पुलिस के अनुसार, 3 नवंबर को रेलवे ट्रैक पर हुआ धमाका एक अन्य टाइमर बम से किया गया था, जिसे कथित तौर पर पाकिस्तान में बैठे एक हैंडलर ने उपलब्ध कराया था। इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता और कथित नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाने के लिए दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।
उल्लेखनीय है कि 3 नवंबर को हुए धमाके में रेलवे ट्रैक के नीचे लगे कंक्रीट के दो स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए थे। यह विस्फोट इलाके से एक यात्री ट्रेन के गुजरने के करीब 45 मिनट बाद हुआ था। धमाके के कारण रेलवे पटरियों के बीच लगभग दो फीट गहरा गड्ढा बन गया था।