Daily Suraj

हिन्दी

फिलीपींस दौरे पर पीएम मोदी ने मनीला के 100 साल पुराने गुरुद्वारा खालसा दीवान में टेका मत्था, कहा- बहुत सौभाग्यशाली महसूस कर रहा हूं

17 Nov, 2026 08:49 AM

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज फिलीपींस की राजधानी मनीला स्थित 100 साल पुराने ऐतिहासिक गुरुद्वारा खालसा दीवान में मत्था टेका और इस पावन स्थल के पुनर्विकास कार्यों की शुरुआत से जुड़े समारोह में हिस्सा लिया। 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए फिलीपींस पहुंचे प्रधानमंत्री ने अपनी इस यात्रा की तस्वीरें भी साझा की हैं। गुरुद्वारा साहिब में नतमस्तक होने के बाद उन्होंने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि मनीला के गुरुद्वारा खालसा दीवान में पहुंचकर वह स्वयं को बहुत सौभाग्यशाली महसूस कर रहे हैं। अपनी ‘विकास भी, विरासत भी’ नीति के तहत प्रधानमंत्री मोदी विदेश दौरों के दौरान अक्सर प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के दर्शन करते रहे हैं। पंजाब में आगामी चुनावों के मद्देनजर उनकी इस यात्रा को प्रतीकात्मक रूप से भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह दौरा फिलीपींस के साथ भारत के गहरे सांस्कृतिक संबंधों और प्रवासी भारतीयों के बीच सिख समुदाय के उल्लेखनीय योगदान को दर्शाता है। इससे एक दिन पहले भी प्रधानमंत्री ने सिख समुदाय की सराहना करते हुए कहा था कि गुरु साहिबान की शिक्षाओं से प्रेरित होकर सिख समुदाय ने मानवता की निस्वार्थ सेवा के बल पर विश्व स्तर पर एक विशिष्ट पहचान बनाई है, और यह गुरुद्वारा फिलीपींस में सिखों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 1929 में शुरुआती पंजाबी प्रवासियों द्वारा स्थापित किया गया गुरुद्वारा खालसा दीवान फिलीपींस में सिख समुदाय की ऐतिहासिक उपस्थिति का प्रमुख प्रतीक है। दशकों से यह स्थान पंजाबी परंपराओं को सहेजने, आपसी भाईचारा बढ़ाने और बिना किसी भेदभाव के चलने वाली लंगर प्रथा के माध्यम से सेवा भावना का संदेश दे रहा है। पुनर्विकास की इस नई पहल से मनीला में भारतीय विरासत के संरक्षण के साथ-साथ इस संस्था की भूमिका और अधिक सुदृढ़ होगी। प्रधानमंत्री की यह सहभागिता दक्षिण-पूर्वी एशिया के साथ भारत के सांस्कृतिक और आपसी संबंधों को प्रगाढ़ करने के प्रयासों का एक अहम हिस्सा है।

Latest News