बैंफ नेशनल पार्क में विमान की इमरजेंसी लैंडिंग, हाईवे पर उतारा गया छोटा विमान
कनाडा के बैंफ नेशनल पार्क में मंगलवार को तकनीकी खराबी के कारण एक छोटे विमान को ट्रांस-कनाडा हाईवे पर आपात लैंडिंग करनी पड़ी। घटना के बाद हाईवे से गुजर रहे वाहन चालकों को सड़क के किनारे एक छोटा प्रोपेलर विमान खड़ा दिखाई दिया। इस घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आए। रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) के अनुसार, सिंगल-इंजन विमान में यांत्रिक समस्या आने के बाद पायलट ने सुरक्षित स्थान की तलाश की और दोपहर करीब 3 बजे विमान को उतारने का फैसला किया। पायलट ने कैसल जंक्शन के पास रेड अर्थ वाइल्डलाइफ ओवरपास से कुछ दूरी पहले हाईवे पर विमान को सफलतापूर्वक उतार लिया। पुलिस के मुताबिक, लैंडिंग के दौरान किसी व्यक्ति को चोट नहीं लगी और विमान को भी कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। पुलिस ने बताया कि जिस हिस्से में विमान की आपात लैंडिंग की गई, उस समय वहां कोई वाहन मौजूद नहीं था। इसके बाद पार्क्स कनाडा और ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड की अनुमति मिलने पर पायलट ने हाईवे के किनारे ही विमान की आवश्यक मरम्मत की। मरम्मत का काम पूरा होने के बाद करीब 4:40 बजे विमान ने दोबारा उड़ान भरी और अल्बर्टा के रेड डियर के लिए रवाना हो गया।
Posted By: Daily Suraj Bureau