Daily Suraj

हिन्दी

ताजमहल परिसर में बंदरों का आतंक: यूके की महिला पर्यटक घायल, अस्पताल में भर्ती

16 Sep, 2026 10:34 AM

विश्व प्रसिद्ध स्मारक ताजमहल परिसर में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां यूनाइटेड किंगडम (यूके) से आई एक महिला पर्यटक पर बंदर ने अचानक हमला कर दिया। बंदर के काटने से महिला का दाहिना हाथ घायल हो गया, जिसके बाद उसे तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यूके की रहने वाली सूज़न नाम की महिला सुबह करीब 9:30 बजे ताजमहल देखने पहुंची थी। सुबह लगभग 10 बजे जब वह अपने दोस्तों के साथ ताज परिसर का भ्रमण कर रही थी, तभी कुछ बंदरों ने अचानक उस पर झपट्टा मार दिया। खुद को बचाने के लिए जब सूज़न वहां से भागने लगी, तो एक बंदर ने पीछा करते हुए उसके दाहिने हाथ पर काट लिया। हमले के बाद पीड़िता दर्द से चीखने लगी, जिसे देखकर आसपास मौजूद पर्यटकों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह बंदर को भगाया और महिला को बचाया। घटना की सूचना तुरंत मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को दी गई, जिसके बाद घायल पर्यटक को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। उल्लेखनीय है कि ताजमहल परिसर में बंदरों द्वारा पर्यटकों पर हमला करने की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले जुलाई महीने में भी एक कोरियाई महिला पर्यटक पर बंदरों ने हमला कर दिया था। परिसर में लगातार हो रही इन घटनाओं के कारण यहां आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन के इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News