174 यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन मच्छड़ की सेहत में तेजी से सुधार: भारतीय दूतावास
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) स्थित भारतीय दूतावास ने गुरुवार को जानकारी दी है कि 174 यात्रियों की जान बचाने वाले बहादुर भारतीय पायलट कैप्टन समित मच्छड़ की सेहत में तेजी से सुधार हो रहा है और वे खतरे से बाहर हैं। उल्लेखनीय है कि बुधवार को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान (एफजेड 1073) के कॉकपिट में सह-पायलट ने कैप्टन मच्छड़ पर चाकू से हमला कर दिया था। इस दौरान सह-पायलट कथित तौर पर विमान को क्रैश करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन कैप्टन मच्छड़ ने अपनी जान की परवाह किए बिना बहादुरी से उसका मुकाबला किया और इस खतरनाक साजिश को नाकाम कर दिया। इस जानलेवा हमले में कैप्टन मच्छड़ गंभीर रूप से घायल हो गए थे, लेकिन वे विमान में सवार 174 यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी तरह कामयाब रहे। इस अदम्य साहस के लिए भारत और इजराइल के शीर्ष नेताओं सहित पूरी दुनिया में उनकी प्रशंसा की जा रही है। घटना के बाद विमान को आपातकालीन स्थिति में सऊदी अरब के तबुक हवाई अड्डे पर उतारना पड़ा था। यूएई में स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में बताया कि यूएई में भारत के राजदूत दीपक मित्तल ने अस्पताल जाकर कैप्टन मच्छड़ और उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात की है। दूतावास ने अपने बयान में कहा, "कैप्टन मच्छड़ की सेहत बेहतर है और वे तेजी से ठीक हो रहे हैं।" सूत्रों के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी सऊदी अरब के तबुक शहर में अस्पताल में भर्ती कराए जाने के एक दिन बाद, बेहतर चिकित्सीय सुविधाएं मुहैया कराने के लिए कैप्टन मच्छड़ को यूएई स्थानांतरित कर दिया गया था। भारतीय मिशन ने स्पष्ट किया है कि दूतावास उनका निरंतर इलाज और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय प्रशासनिक व स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है।