Daily Suraj

हिन्दी

पंजाब में AAP सरकार के खिलाफ चार्जशीट तैयार करेगी भाजपा, भ्रष्टाचार और नशे समेत कई मुद्दे होंगे शामिल

16 Nov, 2026 01:00 PM

: पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी की ओर से चुनावी घोषणापत्र और चार्जशीट तैयार करने के लिए गठित दोनों समितियों की पहली बैठक सोमवार सुबह हुई। इन बैठकों की अध्यक्षता पंजाब भाजपा के प्रभारी सतीश पूनिया ने वर्चुअल माध्यम से की। इस दौरान पार्टी के सह-प्रभारी वीरेंद्र सचदेवा भी ऑनलाइन मौजूद रहे।
 

घोषणापत्र समिति की बैठक में इसके अध्यक्ष अविनाश राय खन्ना सहित सभी सदस्यों ने हिस्सा लिया। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनप्रीत सिंह बादल, पूर्व राज्य मंत्री मनोरंजन कालिया और राणा गुरमीत सिंह सोढी, पूर्व केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश, सांसद सतनाम सिंह संधू और पंजाब के वरिष्ठ नेता अश्वनी सेखड़ी शामिल हुए।
 

इसके अलावा आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए कई नेता भी बैठक में मौजूद रहे। इनमें सांसद राघव चड्ढा, रजिंदर गुप्ता, हरभजन सिंह और पंजाब विधानसभा में विपक्ष के पूर्व नेता एचएस फूलका शामिल हैं। स्टेट सेल की संयुक्त समन्वयक परमपाल कौर ने भी बैठक में भाग लिया।
 

किसानों, युवाओं और महिलाओं से सुझाव लेगी भाजपा
 

सूत्रों के अनुसार, बैठक में पार्टी नेताओं को समाज के अलग-अलग वर्गों के लोगों से संपर्क करने के निर्देश दिए गए। इनमें किसान, युवा, महिलाएं, गरीब और पिछड़े वर्ग शामिल हैं। इन वर्गों से उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं और सुझावों की जानकारी लेकर घोषणापत्र समिति के अध्यक्ष के सामने रखने को कहा गया है।
 

भाजपा सूत्रों ने बताया कि पार्टी ऐसा घोषणापत्र तैयार करना चाहती है, जिसमें पंजाब के लोगों की उम्मीदों और जरूरतों को प्राथमिकता दी जाए। पार्टी की योजना केवल चुनावी वादे करने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उन्हें पूरा करने के लिए एक विस्तृत कार्ययोजना भी तैयार की जाएगी।
 

AAP सरकार के खिलाफ चार्जशीट तैयार करेगी दूसरी समिति
 

घोषणापत्र समिति की बैठक के बाद सतीश पूनिया ने राज्य की चार्जशीट समिति की बैठक की भी अध्यक्षता की। इस समिति का नेतृत्व राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व अध्यक्ष इकबाल सिंह लालपुरा कर रहे हैं।
 

इस समिति को पंजाब की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी सरकार के कार्यकाल की कथित नाकामियों पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है। इसमें खास तौर पर भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति और नशे की समस्या जैसे मुद्दों को शामिल किया जाएगा।
 

भाजपा की इन दोनों समितियों की पहली बैठकों को पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की चुनावी रणनीति और घोषणापत्र तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Latest News