रावी नदी के पास 367.5 करोड़ रुपये का अवैध खनन, ईडी ने पठानकोट पुलिस व खनन अधिकारियों की मिलीभगत पर उठाए सवाल
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट रावी नदी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर हुए अवैध खनन के मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए खनन विभाग के अधिकारियों और पठानकोट के पुलिस अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की सिफारिश की है। ईडी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की धारा 66 (2) के तहत पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को करीब 31 पन्नों का एक पत्र भेजा है, जिसमें स्टोन क्रशर संचालकों, खनन विभाग के अधिकारियों और पुलिस कर्मियों के बीच कथित मिलीभगत की ओर इशारा किया गया है। ईडी के पत्र के अनुसार, रावी नदी क्षेत्र में किए गए इस अवैध खनन की अनुमानित कीमत लगभग 367.5 करोड़ रुपये आंकी गई है। जांच एजेंसी ने यह आकलन जांच के दौरान दर्ज किए गए बयानों, डिजिटल साक्ष्यों, खुदाई करने वाली मशीनों (एक्सकेवेटर) के जीपीएस रिकॉर्ड और आईआईटी रोपड़ द्वारा किए गए वैज्ञानिक ड्रोन व बैथिमेट्रिक सर्वेक्षण के आधार पर किया है। जांच में सामने आया है कि करीब 18.28 लाख वर्ग मीटर क्षेत्र में फैले सात स्थानों पर बने 27 गड्ढों से कुल 47.30 लाख घन मीटर खनन सामग्री निकाली गई है। 22 रुपये प्रति घन फुट की बाजार दर के हिसाब से इस निकाली गई सामग्री का कुल मूल्य लगभग 367.5 करोड़ रुपये बैठता है। पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सबसे अधिक खुदाई (30.50 लाख घन मीटर) गुगरां गांव के पास की गई है। ईडी ने यह भी रेखांकित किया है कि यह आकलन केवल उन्हीं सात स्थानों पर आधारित है जिनकी जांच के दौरान पहचान हो सकी है, जबकि पठानकोट जिले में अवैध खनन का वास्तविक दायरा इससे कहीं अधिक हो सकता है। गौरतलब है कि ईडी की यह जांच वर्ष 2023 में विजिलेंस ब्यूरो द्वारा भटियां और गोल गांवों की 734 कनाल और एक मरला (लगभग 92 एकड़) पंचायती (शामलात) भूमि को कथित रूप से धोखाधड़ी से निजी व्यक्तियों के नाम स्थानांतरित करने के मामले की जांच का ही विस्तार है। इस भूमि हस्तांतरण में कथित तौर पर तत्कालीन डीडीपीओ/एडीसी कुलदीप सिंह ने मदद की थी, जिन पर फरवरी 2023 में अपनी सेवानिवृत्ति से ठीक पहले इस संबंध में आदेश जारी करने का आरोप है। ईडी ने कुलदीप सिंह को 11 नवंबर को गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान फोन से बरामद हुई वॉट्सऐप चैट में कथित तौर पर खनन अधिकारियों के साथ नियमित लेन-देन के सबूत मिले हैं। इनमें गगन नामक व्यक्ति, उप-मंडल खनन अधिकारी पंकज बाली, कनिष्ठ अभियंता (जेई) सुनील कुमार और एसएचओ शोहरत मान के नाम शामिल हैं। ईडी ने सिफारिश की है कि सक्षम प्राधिकारी इन कथित अपराधों की जांच कर कानून के तहत उचित कार्रवाई करें।