Daily Suraj

हिन्दी

मोगा में 26 नवंबर को होगी 'खुशहाल पंजाब रैली', 10 लाख नए राशन कार्ड वितरण का होगा आगाज

21 Nov, 2026 08:59 AM

आम आदमी पार्टी (आप) ने आगामी 26 नवंबर को मोगा में आयोजित होने वाले विशाल राजनीतिक सम्मेलन को ‘खुशहाल पंजाब रैली’ का नाम दिया है। चुनावों से पहले पार्टी इस रैली के माध्यम से राज्य में एक बड़ा सियासी शक्ति प्रदर्शन करने की तैयारी में है। इस आयोजन का मुख्य आकर्षण 10 लाख नए राशन कार्डों के वितरण की शुरुआत करना होगा, साथ ही राज्य सरकार अपने 56 महीनों के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड भी जनता के समक्ष रखेगी। मोगा में होने वाली इस रैली में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान मुख्य वक्ता होंगे, जबकि पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी उनके साथ मंच साझा करेंगे। रैली की तैयारियों के मद्देनजर पंजाब सरकार ने विभिन्न सरकारी विभागों से उनकी उपलब्धियों का ब्योरा तलब किया है और संभावना जताई जा रही है कि कार्यक्रम के दौरान सरकार की उपलब्धियों पर आधारित एक पुस्तिका भी वितरित की जाएगी। नशा और कानून-व्यवस्था के मुद्दों पर विपक्षी दलों की ओर से लगातार घेरे जाने के बीच 'आप' नेतृत्व इस मंच से अपना पक्ष रखेगा।रैली की तैयारियों को लेकर मीडिया से बातचीत करते हुए विधायक प्रो. बलजिंदर कौर ने बताया कि इस सम्मेलन में विभिन्न राज्यों से पार्टी नेतृत्व, पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों के अलावा पंजाब के कोने-कोने से मतदाता और समर्थक बड़ी संख्या में शामिल होंगे।इस अवसर पर उनके साथ मौजूद चमकौर साहिब के हलका प्रभारी जसवीर सिंह गढ़ी और प्रो. बलजिंदर कौर ने सरकार के कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि 'आप' सरकार ने पंजाब को मरुस्थल बनने से बचाया है और आज नहरी पानी टेलों, रजवाहों और खालों तक पहुंच रहा है। उन्होंने आगे कहा कि सरकार ने लोगों को उनके घरों की रजिस्ट्रियां देकर उन्हें ऋण लेने और संपत्ति का मालिकाना हक प्रदान किया है, साथ ही माताओं और बहनों से किया गया वित्तीय सहायता का वादा भी पूरा किया है। विपक्षी दलों द्वारा निकाली जा रही ‘पंजाब बचाओ रैलियों’ पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विरोधियों के पास अब बचाने के लिए कुछ भी शेष नहीं रह गया है।

Latest News