Daily Suraj

हिन्दी

डबवाली में किसान नेता और हरियाणा के चेयरमैन के बीच तीखी बहस, किसान संगठनों के वोटों पर टिप्पणी से गर्माया माहौल

21 Nov, 2026 09:09 AM

पंजाब में अपनी सियासी जमीन मजबूत करने में जुटी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए हरियाणा सरकार के एक चेयरमैन द्वारा किसानों पर की गई तीखी टिप्पणियां नई मुसीबत खड़ी कर सकती हैं। हरियाणा बीज विकास निगम के चेयरमैन और हरियाणा कौशल रोजगार निगम के निदेशक देव कुमार शर्मा द्वारा पंजाब के किसान संगठनों के नेताओं तथा किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी को चुनावों में मिले वोटों को लेकर की गई टिप्पणी से नया विवाद खड़ा हो गया है। यह पूरा घटनाक्रम डबवाली विधानसभा क्षेत्र के गांव हैबुआना का है, जहां देव कुमार शर्मा और किसान नेता खुशदीप सिंह हैबुआना के बीच हुई तीखी बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह पूरी बातचीत किसान नेता के फेसबुक पेज के माध्यम से लाइव हुई। दरअसल, चेयरमैन देव कुमार शर्मा कालांवाली में आयोजित होने वाली मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की ‘यूथ मैराथन-2026’ का निमंत्रण देने के लिए गांव पहुंचे थे। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए जब वे सरकार की उपलब्धियां गिना रहे थे और सभी 24 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) मिलने का दावा कर रहे थे, तभी वहां मौजूद खुशदीप सिंह ने फेसबुक लाइव के जरिए सवाल पूछने शुरू कर दिए। किसान नेता ने कहा कि किसानों के घरों में बाजरे की फसल पड़ी है, जबकि मंडियों में ग्वार की फसल खरीदारों का इंतजार कर रही है। इसके साथ ही उन्होंने गरीब परिवारों को मकान बनाने के लिए मिलने वाली सरकारी सहायता की रुकी हुई किस्तों का मुद्दा भी उठाया। इन सवालों से भड़के चेयरमैन ने बातचीत के दौरान तल्खी दिखाते हुए ‘बकवास’ जैसे कड़े शब्दों का इस्तेमाल किया और किसान नेता को चुनाव लड़कर देखने की चुनौती दे डाली। बहस के दौरान देव कुमार शर्मा ने पंजाब के किसान यूनियन नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनावों में उन्हें केवल दो-दो हजार वोट ही मिले थे। उन्होंने हरियाणा के प्रमुख किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी का नाम लेते हुए कहा कि चढूनी को भी बमुश्किल पांच हजार वोट मिले थे। वायरल वीडियो में गुस्से में नजर आ रहे चेयरमैन ने खुशदीप सिंह से यह भी पूछा कि क्या वे यूनियन के ठेकेदार हैं और खुद को चौधरी समझते हैं। आवेश में आकर उन्होंने यूनियन के लोगों को बुलाकर उन्हें फांसी पर लटकाने जैसी बात भी कह दी। दूसरी ओर, किसान नेता खुशदीप सिंह ने इस पर कड़ा एतराज जताते हुए स्पष्ट किया कि उनकी न तो चुनाव लड़ने की कोई इच्छा है और न ही नेता बनने की, बल्कि वे केवल अपने गांव और क्षेत्र के करीब 15 गांवों में नहरी व पेयजल की किल्लत जैसी जायज मांगें जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति के समक्ष रख रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे 'यूथ मैराथन-2026' में केवल भीड़ बढ़ाने के बजाय मुख्यमंत्री के सामने अपनी समस्याएं भी रखें। एक अन्य फेसबुक लाइव में ग्रामीणों ने भी चेयरमैन के सामने पीने के पानी की कमी और गलियों के निर्माण की मांगें रखीं। हालांकि, माहौल गर्माने के बाद चेयरमैन देव कुमार शर्मा ने पराली प्रबंधन के लिए मिलने वाली सहायता, एमएसपी और किसान सम्मान निधि का जिक्र करते हुए सरकार के कार्य गिनाए और आश्वासन दिया कि मकानों की बकाया किस्तों का मामला हल करवाया जाएगा। बाद में इस पूरे विवाद पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी बातें चलती रहती हैं; किसान यूनियन के नेता अपनी बात रख रहे थे और वे अपनी बात रख रहे थे, अब वे एक साथ बैठकर चाय पी रहे हैं। गौरतलब है कि लंबी हलके के सीमावर्ती गांव किलियांवाली से संबंध रखने वाले और वर्तमान में डबवाली में रह रहे देव कुमार शर्मा के इन तीखे बोलों का असर पंजाब की राजनीति पर भी पड़ सकता है। वर्ष 2022 के पंजाब विधानसभा चुनावों में किसान आंदोलन के कारण भाजपा उम्मीदवारों को किसानों के कड़े विरोध का सामना करना पड़ा था, और ऐसे विवादित बयान 2027 के चुनावों में भाजपा के लिए फिर से जवाबदेही और मुश्किलें खड़ी कर सकते हैं।

Latest News