ब्रिस्बेन में गुरु रविदास जी का 649वां प्रकाश पर्व श्रद्धा से मनाया गया
ऑस्ट्रेलिया के शहर ब्रिस्बेन में श्री गुरु रविदास सभा ब्रिस्बेन की ओर से गुरु रविदास जी का 649वां प्रकाश पर्व श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस धार्मिक आयोजन में विभिन्न राज्यों से आई संगत की बड़ी संख्या में भागीदारी देखने को मिली, जिसने प्रवासी भारतीय समुदाय की एकता और गुरु भक्ति को दर्शाया। समारोह की शुरुआत सुखमनी साहिब के पाठ के भोग के साथ हुई। इसके बाद एडिलेड से पहुंचे भाई हरदयाल सिंह के जत्थे ने कीर्तन के माध्यम से संगत को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में सुखराज बंगा और डायशा सिंह ने शबद गायन प्रस्तुत किया, जबकि मनीषा जस्सल ने कविता सुनाकर माहौल को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। इस अवसर पर बलविंदर सिंह मोरों ने संगत को गुरबाणी से जुड़े रहने का संदेश दिया। वहीं, नन्ही विरांशु सिंह ने आधुनिक युग में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पर अपने विचार साझा किए, जिससे युवा पीढ़ी की भागीदारी भी स्पष्ट रूप से सामने आई। कार्यक्रम के दौरान न्यूजीलैंड से अपने परिवार सहित पहुंचे अमरजीत बंगड़ ने महान संतों की जीवनियों से संबंधित पुस्तकों की प्रदर्शनी भी लगाई। अन्य वक्ताओं में हरदीप वागला, कायरा कुमारी, राजविंदर कौर, मनदीप हीरा, अमरजीत बंगड़ और शंकर सूर्यवंशी शामिल रहे। सभा के प्रधान हरदीप वागला, उपप्रधान हरविंदर बसी और महासचिव ताज रत्तू ने सभी सेवादारों और संगत का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि विदेशों में इस प्रकार के धार्मिक आयोजन युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का मंच संचालन नरेंद्र सिंह द्वारा किया गया। समारोह के सफल आयोजन के लिए संगत ने सभा के सदस्यों के प्रयासों की सराहना भी की।
Posted By: Daily Suraj Bureau