Daily Suraj

हिन्दी

पाकिस्तान के गुरुद्वारे में सिख दंपति की गोली मारकर हत्या, धामी ने की कड़ी निंदा

18 Jun, 2026 08:41 AM

पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक गुरुद्वारे की देखरेख करने वाले सिख दंपति की गोली मारकर हत्या किए जाने की खबर सामने आई है। यह घटना बुधवार को पेशावर से लगभग 60 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम स्थित मरदान के बाबू मोहल्ला क्षेत्र में हुई। एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, अज्ञात हमलावरों ने गुरुद्वारे के भीतर घुसकर गोलीबारी की। इस हमले में गुरुद्वारे की देखरेख करने वाले सिख दंपति जगन्नाथ और उनकी पत्नी असमा वंती की मौत हो गई। पुलिस हमले के पीछे के कारणों का पता लगाने और इसमें शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। इस घटना पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। उन्होंने पाकिस्तान सरकार से इस जघन्य अपराध में शामिल लोगों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की। एडवोकेट धामी ने कहा कि यह घटना केवल सिख समुदाय ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान में रहने वाले सभी अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा करती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं धार्मिक सौहार्द और सामाजिक शांति के लिए गंभीर खतरा हैं।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News