Daily Suraj

हिन्दी

पठानकोट-कांगड़ा रेल यात्रियों को झटका, हर शुक्रवार रद्द रहेंगी नैरोगेज ट्रेनें

18 Jun, 2026 11:54 AM

रेल यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। रेलवे प्रशासन ने निर्णय लिया है कि पठानकोट नैरोगेज सेक्शन पर प्रत्येक शुक्रवार को ट्रेनों का संचालन बंद रहेगा। यह फैसला सेक्शन पर मरम्मत, रखरखाव और सुरक्षा संबंधी कार्यों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस मार्ग पर चलने वाली सभी नैरोगेज ट्रेनें प्रत्येक शुक्रवार को रद्द रहेंगी। पूरे कांगड़ा वैली सेक्शन में भी सभी नैरोगेज यात्री ट्रेन सेवाएं शुक्रवार के दिन स्थगित रहेंगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जांच अवश्य कर लें और उसी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि नियमित रखरखाव का कार्य पूरा होने के बाद अन्य दिनों में ट्रेनों का संचालन सामान्य रूप से जारी रहेगा। रेलवे के आदेश के अनुसार ट्रेन संख्या 52462 (बैजनाथ पपरोला–नूरपुर रोड) तथा 52474 (नूरपुर रोड–बैजनाथ पपरोला) को अगले आदेश तक रद्द कर दिया गया है। इसके अलावा, कांगड़ा वैली रेलवे सेक्शन पर ट्रैक और अन्य बुनियादी ढांचे के रखरखाव के लिए प्रत्येक शुक्रवार को सभी नैरोगेज यात्री ट्रेन सेवाएं स्थगित रहेंगी। गौरतलब है कि करीब साढ़े तीन वर्ष तक बंद रहने के बाद नैरोगेज रेल सेवाएं दोबारा शुरू की गई थीं। अब हर शुक्रवार ट्रेन सेवाएं बंद रखने के फैसले को लेकर यात्रियों में नाराजगी देखने को मिल रही है। उनका कहना है कि ट्रैक की मरम्मत और रखरखाव का कार्य उस अवधि में किया जाना चाहिए था, जब यह रेल मार्ग लगभग साढ़े तीन वर्षों तक बंद रहा। अब जबकि रेल सेवाएं फिर से शुरू हो चुकी हैं और लोग नियमित रूप से यात्रा कर रहे हैं, ऐसे में हर सप्ताह ट्रेनों को बंद करना उनकी समझ से परे है। रेल सेवाओं के स्थगित होने से पठानकोट, नूरपुर, ज्वालामुखी, कांगड़ा, पालमपुर और बैजनाथ जाने वाले यात्रियों को बसों का सहारा लेना पड़ेगा, जिसका खर्च रेल किराये की तुलना में कई गुना अधिक होगा। रेलवे यात्रियों और स्थानीय संगठनों ने रेलवे मंत्रालय से इस फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील की है।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News