कनाडा गई पंजाब की लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिवार ने उठाए सवाल
- अंतरराष्ट्रीय
- (Asia/Kolkata)
कनाडा के प्रांत Ontario में लुधियाना की एक 24 वर्षीय पंजाबी युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान अनमोलदीप कौर के रूप में हुई है, जो वर्ष 2021 में कनाडा गई थी। रिपोर्ट के अनुसार, अनमोलदीप कौर Georgian College, बैरी और अपने घर के बीच स्थित एक पार्क में रोज की तरह टहलने गई थी। बताया जा रहा है कि जब वह पार्क की एक बेंच पर बैठी थी, उसी दौरान उसकी मौत हो गई। बाद में जब पार्क में मौजूद लोगों ने उसे हिलाया-डुलाया, तो पता चला कि उसकी मृत्यु हो चुकी है। इसके बाद तुरंत कनाडाई पुलिस को सूचना दी गई। जैसे ही यह दुखद खबर गुरुवार को लुधियाना के नई आबादी अकालगढ़ सुधार बाजार स्थित उसके घर पहुंची, परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। मृतका के पिता, सेवानिवृत्त फौज के सूबेदार परमिंदर सिंह ने बताया कि उनकी बेटी 2021 में उच्च शिक्षा के लिए कनाडा गई थी। वह वहां पढ़ाई के साथ-साथ वर्क परमिट पर एक चाइल्ड केयर वर्कर के रूप में काम कर रही थी और करीब एक साल पहले स्थायी निवास (PR) के लिए भी आवेदन किया था। उन्होंने आगे बताया कि अनमोलदीप ने हाल ही में अपनी मां अमरदीप कौर को विजिटर वीजा पर कनाडा बुलाने के लिए आवेदन किया था, जिसका वीजा जल्द मिलने की उम्मीद थी। परिवार के अनुसार, उसने कभी भी किसी प्रकार की परेशानी का जिक्र नहीं किया था। कनाडाई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। परिवार का बेटा दिलप्रीत सिंह, जो अमेरिका में रहता है, कनाडा के लिए रवाना हो रहा है। पिता ने बताया कि वे मूल रूप से मानूके गांव के निवासी हैं और गांव की एक सामाजिक संस्था की मदद से शव को भारत लाया जाएगा। परमिंदर सिंह ने आत्महत्या की किसी भी संभावना से इनकार करते हुए कहा कि मौत का वास्तविक कारण पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
Leave a Reply