Daily Suraj

हिन्दी

मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने और एफआईआर दर्ज करने की मांग, सड़कों पर उतरी पंजाब कांग्रेस

25 Sep, 2026 11:36 AM

केंद्रीय चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए पंजाब कांग्रेस ने चंडीगढ़ में विशाल विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर चुनाव आयोग कार्यालय की ओर विरोध मार्च निकालेंगे। इस प्रदर्शन की अगुवाई पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट करेंगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह विरोध मार्च शुक्रवार सुबह 11 बजे चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) कार्यालय के पास से शुरू होगा। यहां से पार्टी के नेता और कार्यकर्ता एकजुट होकर सेक्टर-17 स्थित चुनाव आयोग कार्यालय की तरफ कूच करेंगे। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने प्रदेश भर के पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से इस प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया है। राजा वडिंग ने स्पष्ट किया कि पार्टी यह मार्च मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को उनके पद से तत्काल हटाने, उनके खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज करने और उनकी तुरंत गिरफ्तारी की मांग को लेकर कर रही है। कांग्रेस नेतृत्व का आरोप है कि लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं और निष्पक्षता से समझौता किया जा रहा है, जिसके विरोध में पार्टी ने यह सख्त रुख अपनाया है। प्रदर्शन के मद्देनजर चंडीगढ़ प्रशासन और पुलिस द्वारा सेक्टर-17 व चुनाव आयोग कार्यालय के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News