सोना-चांदी की कीमतों में फिर उछाल, 24 कैरेट सोना 1.60 लाख रुपये तक पहुंचा
- राष्ट्रीय
- (Asia/Kolkata)
देश के बुलियन बाजार में आज यानी 10 मार्च को सोने और चांदी की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी दर्ज की गई है। India Bullion and Jewellers Association (IBJA) के अनुसार 24 कैरेट सोने के 10 ग्राम की कीमत में 1,700 रुपये का इजाफा हुआ है। इसके बाद इसकी कीमत बढ़कर 1.60 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है। इससे पहले सोने की कीमत 1.59 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम थी। वहीं चांदी की कीमत में भी बड़ी तेजी देखी गई है। एक किलोग्राम चांदी की कीमत 13,000 रुपये बढ़कर 2.73 लाख रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। इससे पहले इसकी कीमत 2.60 लाख रुपये प्रति किलोग्राम थी। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार इस साल कीमती धातुओं की कीमतों में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। 29 जनवरी को सोने की कीमत 1.76 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई थी, जबकि चांदी की कीमत 3.86 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंची थी। अगर इस साल की शुरुआत से अब तक के आंकड़ों पर नजर डालें तो सोने की कीमत में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। पिछले साल के अंत में सोने की कीमत 1.33 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम थी, जो अब बढ़कर 1.60 लाख रुपये हो गई है। यानी इस साल अब तक सोने की कीमत में लगभग 27,000 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसी अवधि के दौरान चांदी की कीमत में भी करीब 24,000 रुपये की बढ़ोतरी हुई है, जिससे बुलियन बाजार में निवेशकों की रुचि बनी हुई है।
Leave a Reply