मोबाइल पर गेम खेलते हुए ट्रक चलाने वाले कनाडाई ड्राइवर को छह साल की कैद; सड़क हादसे में मां-बेटे की हुई थी दर्दनाक मौत

मोबाइल पर गेम खेलते हुए ट्रक चलाने वाले कनाडाई ड्राइवर को छह साल की कैद; सड़क हादसे में मां-बेटे की हुई थी दर्दनाक मौत

ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन पर गेम खेलने और एक भयानक सड़क हादसे का कारण बनने वाले ओन्टारियो के एक ट्रक चालक बलजीत सिंह को अदालत ने छह साल की कैद की सजा सुनाई है। यह दर्दनाक घटना 19 जुलाई 2022 को ब्रोसार्ड के पास हुई थी, जिसमें 42 वर्षीय नैंसी लेफ्रांसवा और उनके 11 वर्षीय बेटे लोइक शेवालियर की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। अदालत में सुनवाई के दौरान आरोपी बलजीत सिंह ने अपना जुर्म कबूल कर लिया था। उसने स्वीकार किया कि वह 53 फीट लंबे भारी-भरकम ट्रक को चलाते समय अपने मोबाइल फोन पर 'लूडो' गेम खेल रहा था और उसका पूरा ध्यान सड़क से भटका हुआ था। निर्माण कार्य (कंस्ट्रक्शन जोन) वाले क्षेत्र में यातायात धीमा होने के बावजूद वह समय रहते अपने ट्रक को रोक नहीं पाया, जिसके कारण पीछे से कई वाहनों में भीषण टक्कर हो गई। मामले की सुनवाई कर रहे जज साचा बले ने ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन के इस्तेमाल को 'गंभीर लापरवाही' करार देते हुए कहा कि इस गैर-जिम्मेदाराना हरकत के कारण दो मासूम जिंदगियां खत्म हुईं, इसलिए इसके मद्देनजर सजा सख्त होना बेहद जरूरी है। हालांकि, अदालत ने यह भी संज्ञान में लिया कि सिंह का पहले से कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था और उसने शुरुआत में ही अपना दोष स्वीकार कर लिया था। जेल में पहले ही बिताए जा चुके समय को काटने के बाद, अब उसे लगभग चार साल, चार महीने और चार दिन की अतिरिक्त सजा जेल में काटनी होगी।