मध्य प्रदेश के देवास में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 8 से 10 मौतों की आशंका

मध्य प्रदेश के देवास में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 8 से 10 मौतों की आशंका

मध्य प्रदेश के देवास जिले के टोंक कलां क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार इस हादसे में 8 से 10 लोगों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक यह विस्फोट सुबह करीब 11:30 बजे हुआ। प्रशासन की ओर से अब तक मौतों के आंकड़ों को लेकर अलग-अलग जानकारी सामने आई है। कलेक्टर ने दो लोगों की मौत की पुष्टि की है, जबकि आरएमओ ने तीन मौतों की जानकारी दी है। राहत और बचाव कार्य जारी है तथा मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका व्यक्त की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि लोगों के शरीर के अंग 20 से 25 फीट दूर तक जा गिरे। कई मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं और तीन महिलाएं अब भी लापता बताई जा रही हैं। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में 200 से अधिक महिलाएं काम करती थीं। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंच गए। बचाव कार्य लगातार जारी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि फैक्ट्री में दो रसायनों को मिलाकर बारूद तैयार किया जा रहा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रसायनों की मात्रा में असंतुलन के कारण यह विस्फोट हुआ। रिपोर्टों के मुताबिक जिस स्थान पर धमाका हुआ, वहां 15 से 20 कर्मचारी काम कर रहे थे। स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि फैक्ट्री में विस्फोट दोपहर के भोजन से लगभग 15 से 20 मिनट पहले हुआ। मजदूरों का खाना पहले ही पहुंच चुका था, लेकिन हादसे के बाद लोग अपना भोजन छोड़कर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।