पंजाब चुनाव से पहले कांग्रेस निकालेगी ‘एकता बस यात्रा’, सभी वरिष्ठ नेता होंगे शामिल

पंजाब चुनाव से पहले कांग्रेस निकालेगी ‘एकता बस यात्रा’, सभी वरिष्ठ नेता होंगे शामिल

पंजाब विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस पार्टी ने राज्य में ‘एकता बस यात्रा’ शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है। पार्टी का उद्देश्य कार्यकर्ताओं और आम जनता के बीच एकजुटता का संदेश देना है। कांग्रेस हाईकमान पहले इस मॉडल को कर्नाटक में लागू कर चुकी है और अब उसी तर्ज पर पंजाब में भी इसे अपनाने की योजना बनाई गई है। इसके लिए एक विशेष बस तैयार करवाई जा रही है। योजना के अनुसार यह बस पंजाब के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेगी। बस यात्रा में कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता एक साथ शामिल होंगे, ताकि पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच एकता का संदेश पहुंचे। इसके अलावा चुनावी तैयारियों के तहत पूरे पंजाब को अलग-अलग जोनों में विभाजित कर बड़ी जनसभाएं आयोजित करने की भी योजना बनाई गई है। दिल्ली में होगी चुनावी रणनीति पर अहम बैठक पंजाब कांग्रेस में जारी अंदरूनी खींचतान के बीच पार्टी हाईकमान ने आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति पर काम तेज कर दिया है। नेतृत्व ने राज्य के नेताओं को जल्द सक्रिय होकर जनता के बीच जाने का संदेश दिया है। हालांकि, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद में संभावित बदलाव को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है और राज्य के नेताओं की नजरें हाईकमान के फैसले पर टिकी हुई हैं। गौरतलब है कि पंजाब विधानसभा चुनावों की तैयारियों के लिए कांग्रेस हाईकमान पहले ही चार समितियों का गठन कर वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंप चुका है। पंजाब मामलों के प्रभारी भूपेश बघेल ने मंगलवार को इन समितियों की बैठक दिल्ली में बुलाई है। इस बैठक में आगामी चुनावों की रणनीति और संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, चुनाव में अब अधिक समय नहीं बचा है, लेकिन जमीनी स्तर पर कांग्रेस की राजनीतिक गतिविधियां अपेक्षाकृत सीमित रही हैं। ऐसे में भूपेश बघेल नेताओं को एकजुट होकर जनता के बीच जाने और संगठन को मजबूत करने पर जोर देंगे। नाराजगी कम होने के संकेत हाल के दिनों में कांग्रेस हाईकमान ने पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थक नेताओं के साथ बैठकें कर उनकी नाराजगी दूर करने का प्रयास किया था। अब चन्नी खेमे की नाराजगी धीरे-धीरे कम होती दिखाई दे रही है। स्वयं चरणजीत सिंह चन्नी भी सार्वजनिक रूप से कह चुके हैं कि वे हाईकमान के निर्देशों का पालन करेंगे। संसद सत्र के दौरान दिल्ली में रहेंगे पंजाब के सांसद संसद का सत्र शुरू होने के साथ ही पंजाब से कांग्रेस के कई सांसद दिल्ली में मौजूद रहेंगे। इनमें अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, सुखजिंदर सिंह रंधावा, चरणजीत सिंह चन्नी, गुरजीत सिंह औजला, अमर सिंह और डॉ. धर्मवीर गांधी शामिल हैं। माना जा रहा है कि चुनावी रणनीति को लेकर इन नेताओं के साथ भी महत्वपूर्ण विचार-विमर्श हो सकता है।