कनाडा में नस्लीय टिप्पणी के साथ हमला, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
कनाडा के Ontario प्रांत में एक चिंताजनक घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने एक बुजुर्ग सिख व्यक्ति पर नस्लीय टिप्पणी करते हुए हमला किया। Woodstock पुलिस के अनुसार यह घटना 22 अप्रैल को हुई, जब बुजुर्ग सिख व्यक्ति फुटपाथ पर पैदल चल रहे थे। इस दौरान एक युवक ने उन्हें निशाना बनाते हुए धक्का दिया और “मेरे देश से बाहर निकल जाओ” जैसे आपत्तिजनक और नस्लीय शब्दों का इस्तेमाल किया। पुलिस ने इस घटना को ‘हेट-मोटिवेटेड असॉल्ट’ करार दिया है। हालांकि, हमले में बुजुर्ग व्यक्ति को कोई गंभीर शारीरिक चोट नहीं आई। जांच में सामने आया है कि युवक ने बिना किसी उकसावे के इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद वह पास के एक स्कूल की दीवार फांदकर मौके से फरार हो गया। इस घटना से जुड़ी वीडियो क्लिप्स सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, जिनमें आरोपी युवक को बार-बार नस्लीय टिप्पणियां करते हुए सुना जा सकता है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। वुडस्टॉक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि समुदाय में इस तरह की नफरत के लिए कोई स्थान नहीं है। दूसरी ओर, World Sikh Organization (WSO) ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की है। संगठन ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है।
Posted By: Daily Suraj Bureau