अमृतसर के भिंडी सैदां थाने में धमाका, इलाके में दहशत
- पंजाब
- (Asia/Kolkata)
अमृतसर (देहाती) क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले भिंडी सैदां पुलिस थाने के परिसर में सोमवार तड़के हुए एक धमाके के बाद इलाके में भय का माहौल बन गया। घटना की जानकारी सुबह उस समय सामने आई जब पुलिस कर्मचारी थाने पहुंचे और इमारत के अंदर हुए नुकसान को देखा। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने पूरे थाने को घेर लिया और अंदर जाने पर रोक लगा दी गई। यहां तक कि मीडिया कर्मियों को भी परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। स्थानीय निवासियों के अनुसार, उन्होंने रात के समय तेज धमाके की आवाज सुनी थी। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक थाने के अंदर खड़े कुछ वाहनों को नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवकों ने कथित तौर पर पुलिस थाने के अंदर कोई विस्फोटक वस्तु फेंकी और मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि फेंकी गई वस्तु कुछ देर बाद फट गई। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है और संदिग्धों की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों की सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। इस संबंध में थाने के बाहर मौजूद डीएसपी गुरिंदरपाल सिंह नागरा ने बताया कि बीती रात करीब डेढ़ से पौने दो बजे के बीच यह धमाका हुआ। उन्होंने कहा कि पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की गहन जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है, जिससे जल्द ही पूरी स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। उन्होंने यह भी बताया कि जांच के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। अधिकारियों के अनुसार, इस घटना में कोई जानी या बड़ी आर्थिक हानि नहीं हुई है। उल्लेखनीय है कि भिंडी सैदां पुलिस थाना अमृतसर जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में स्थित है और यह विधानसभा क्षेत्र राजासांसी के अंतर्गत आता है।
Leave a Reply