यूपीएससी रिजल्ट जारी: राजस्थान के अनुज अग्निहोत्री ने किया देशभर में टॉप
- राष्ट्रीय
- (Asia/Kolkata)
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। इस वर्ष राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा निवासी अनुज अग्निहोत्री ने पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जारी परिणाम के अनुसार राजेश्वरी सुवे एम. ने दूसरा स्थान हासिल किया है, जबकि आकांक्ष ढुल तीसरे स्थान पर रहे हैं। इस परीक्षा के माध्यम से भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS) सहित विभिन्न केंद्रीय सेवाओं के लिए अधिकारियों का चयन किया जाता है। जानकारी के अनुसार, सिविल सेवा परीक्षा की लिखित परीक्षा अगस्त 2025 में आयोजित की गई थी। इसके बाद दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी की गई। इस परीक्षा के अंतिम परिणाम में कुल 958 अभ्यर्थियों ने विभिन्न सेवाओं के लिए सफलता प्राप्त की है। उम्मीदवार अपना परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर देख सकते हैं। ऑल इंडिया टॉपर अनुज अग्निहोत्री इससे पहले भी दो बार UPSC परीक्षा पास कर चुके हैं। वर्ष 2023 में अपने पहले ही प्रयास में उन्हें दिल्ली में एसडीएम के पद पर नियुक्ति मिली थी। अनुज के पिता के.बी. अग्निहोत्री राजस्थान परमाणु बिजलीघर की इकाइयों 1 और 2 में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता मंजू अग्निहोत्री गृहिणी हैं। अनुज ने अपनी स्कूली शिक्षा रावतभाटा के परमाणु ऊर्जा केंद्रीय विद्यालय से पूरी की है। उन्होंने 12वीं कक्षा में 94 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे। पढ़ाई के साथ-साथ उन्हें टेबल टेनिस खेलना भी पसंद है।
Leave a Reply