घरों के मुआवजे का विवाद बना हमले की वजह? चीन में सरकारी इमारत पर बुलडोजर चलाने का वीडियो वायरल
- अंतरराष्ट्रीय
- (Asia/Kolkata)
चीन के शांक्सी प्रांत में एक व्यक्ति ने बुलडोजर (एक्सकेवेटर) से सरकारी सेवा केंद्र की इमारत पर हमला कर दिया। इस घटना में इमारत का मुख्य प्रवेश द्वार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि परिसर के कई अन्य हिस्सों को भी नुकसान पहुंचा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने 47 वर्षीय संदिग्ध को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना 9 नवंबर को शियान के शिशियान न्यू एरिया स्थित फेंगडोंग न्यू सिटी गवर्नमेंट सर्विस सेंटर में हुई। बताया जा रहा है कि व्यक्ति ने करीब एक घंटे तक बुलडोजर चलाकर सरकारी परिसर को नुकसान पहुंचाया।
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। केंद्र के एक कर्मचारी ने चीनी मीडिया को बताया कि घटना के दौरान सुरक्षा संबंधी प्रक्रियाएं तुरंत शुरू कर दी गई थीं। इसके चलते कर्मचारियों और आम लोगों को सुरक्षित रूप से इमारत से बाहर निकाला गया।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में बुलडोजर को सरकारी प्रशासनिक सेवा केंद्र के मुख्य प्रवेश द्वार और इमारत के बाहरी हिस्से को टक्कर मारते हुए देखा जा सकता है। मशीन ने मुख्य गेट की सीढ़ियों, साइनबोर्ड और कांच के दरवाजों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। रिपोर्ट के अनुसार, परिसर के कम से कम छह हिस्सों को नुकसान पहुंचा है।
घटना के एक प्रत्यक्षदर्शी ने स्थानीय मीडिया को बताया कि बुलडोजर से तोड़फोड़ के दौरान वहां मौजूद लोग काफी डर गए थे। स्थिति को देखते हुए किसी ने भी बीच-बचाव करने की कोशिश नहीं की। हालांकि, कुछ सेवा काउंटरों ने उसी दिन दोपहर बाद अपना कामकाज दोबारा शुरू कर दिया।
अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, स्थानीय मीडिया ने इस घटना को उन ग्रामीण निवासियों को कथित तौर पर मुआवजा नहीं मिलने से जुड़े विवाद से जोड़ा है, जिनके घरों को ध्वस्त किया गया था। बताया जा रहा है कि इसी विवाद के चलते व्यक्ति ने सरकारी इमारत को निशाना बनाया।
हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक हमले के पीछे के मकसद की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस ने संदिग्ध को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
Leave a Reply