शुभेंदु अधिकारी के करीबी की हत्या के बाद बंगाल में फिर हिंसा

शुभेंदु अधिकारी के करीबी की हत्या के बाद बंगाल में फिर हिंसा

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के पानीहाटी इलाके में कथित बम हमले में भाजपा के पांच समर्थक घायल हो गए। पुलिस ने गुरुवार को इस घटना की जानकारी दी। यह घटना बुधवार देर रात उस समय हुई जब भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की मोटरसाइकिल सवार हमलावरों द्वारा गोली मारकर हत्या किए जाने के कुछ घंटों बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ था। पुलिस के अनुसार, बम विस्फोट पानीहाटी स्थित सेंट जेवियर्स इंस्टीट्यूट के पास हुआ। अज्ञात हमलावरों ने भाजपा कार्यकर्ताओं के एक समूह पर कथित तौर पर देसी बम फेंके, जिसमें कम से कम पांच लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत कोलकाता के आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक भाजपा कार्यकर्ता पानीहाटी के वार्ड नंबर 2 स्थित दत्ता रोड पर लोगों से संपर्क कर रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर आए कुछ लोगों ने उन पर बमों से हमला किया और मौके से फरार हो गए। भाजपा ने आरोप लगाया है कि हमलावरों को सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस का समर्थन प्राप्त था। हालांकि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के इलाकों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। गौरतलब है कि जिस स्थान पर यह धमाका हुआ, वह आर.जी. कर अस्पताल की दुष्कर्म पीड़िता की मां और नवनिर्वाचित भाजपा विधायक रतना देबनाथ के निवास के नजदीक स्थित है।