बठिंडा के फौजी चौक में स्थापित है इस वीर शहीद की प्रतिमा, जानिए उनकी बहादुरी की कहानी

बठिंडा के फौजी चौक में स्थापित है इस वीर शहीद की प्रतिमा, जानिए उनकी बहादुरी की कहानी

पंजाब की धरती ने देश को कई ऐसे वीर सैनिक दिए हैं, जिन्होंने अपनी बहादुरी और बलिदान से भारतीय सैन्य इतिहास में अमिट छाप छोड़ी है। इन्हीं में एक नाम जमादार नंद सिंह का है, जिन्होंने द्वितीय विश्व युद्ध से लेकर आजादी के बाद कश्मीर में हुई पहली जंग तक अदम्य साहस का परिचय दिया। उनकी असाधारण वीरता के लिए उन्हें पहले विक्टोरिया क्रॉस और बाद में मरणोपरांत महावीर चक्र से सम्मानित किया गया। दो अलग-अलग युद्धों में इन प्रतिष्ठित वीरता पुरस्कारों से नवाजे गए नंद सिंह का नाम देश के बहादुर सैनिकों में विशेष स्थान रखता है।
 

बठिंडा के पुराने बस स्टैंड के पास फौजी चौक में स्थापित उनकी प्रतिमा आज भी उनके अद्वितीय साहस और शहादत की याद दिलाती है। शहर के इस व्यस्त इलाके से गुजरने वाले लोगों के लिए यह प्रतिमा केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि देश के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले वीर सैनिक की प्रेरणादायक कहानी का प्रतीक है।
 

जमादार नंद सिंह का जन्म 24 सितंबर 1914 को गांव बहादुरपुर में हुआ था, जो वर्तमान में मानसा जिले का हिस्सा है। उन्होंने 24 मार्च 1933 को भारतीय सेना में भर्ती होकर सैन्य सेवा की शुरुआत की। उनकी बहादुरी का पहला बड़ा उदाहरण द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान बर्मा के अराकान क्षेत्र में देखने को मिला।
 

घायल होने के बावजूद तीन दुश्मन चौकियों पर किया कब्जा
 

11 और 12 मार्च 1944 की दरमियानी रात उनकी सैन्य टुकड़ी को दुश्मन की मजबूत मोर्चाबंदी पर हमला करने का जिम्मा सौंपा गया था। उस समय नंद सिंह एक्टिंग नायक के पद पर तैनात थे। भारी गोलीबारी के बीच उन्होंने अपने साथियों का नेतृत्व करते हुए आगे बढ़ना जारी रखा।
 

इस दौरान उनकी जांघ में गोली लग गई, लेकिन उन्होंने अभियान रोकने से इनकार कर दिया। पहली दुश्मन चौकी पर कब्जा करने के बाद ग्रेनेड हमले में घायल होने के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। इसके बाद उन्होंने दूसरी और तीसरी दुश्मन चौकी पर भी कब्जा कर लिया। इस कार्रवाई में उन्होंने दुश्मन के सात सैनिकों को मार गिराया।
 

युद्ध के दौरान दिखाई गई इस असाधारण बहादुरी और नेतृत्व क्षमता के लिए उन्हें प्रतिष्ठित विक्टोरिया क्रॉस से सम्मानित किया गया।
 

कश्मीर युद्ध में भी दिखाई अदम्य वीरता, लड़ते हुए हुए शहीद
 

भारत की आजादी के बाद भी नंद सिंह ने सेना में अपनी सेवाएं जारी रखीं। दिसंबर 1947 में कश्मीर के उड़ी क्षेत्र में पाकिस्तानी हमलावरों के खिलाफ सैन्य कार्रवाई के दौरान वह जमादार के पद पर अपनी टुकड़ी का नेतृत्व कर रहे थे।
 

इस अभियान में उन्होंने दुश्मन के मजबूत बंकर पर हमले की अगुवाई की। मुकाबले के दौरान घायल होने के बावजूद उन्होंने पीछे हटने से इनकार कर दिया। इस संघर्ष में उन्होंने दुश्मन के पांच सैनिकों को मार गिराया। हालांकि, दुश्मन की मशीनगन से निकली गोली लगने के कारण 12 दिसंबर 1947 को वह वीरगति को प्राप्त हो गए।
 

उनके अद्वितीय साहस, नेतृत्व और देश के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान को सम्मान देते हुए उन्हें मरणोपरांत महावीर चक्र से सम्मानित किया गया।
 

बठिंडा में प्रतिमा के जरिए जिंदा है शहादत की याद
 

आज बठिंडा के फौजी चौक में स्थापित जमादार नंद सिंह की प्रतिमा उनकी वीरता और बलिदान की गवाही देती है। रोजमर्रा की भागदौड़ के बीच यहां से गुजरने वाले लोगों को यह प्रतिमा याद दिलाती है कि देश की सुरक्षा के लिए वीर सैनिकों ने किस तरह अपने प्राणों की आहुति दी।
 

जमादार नंद सिंह की जीवनगाथा साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति की ऐसी मिसाल है, जो आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करती रहेगी।